Headlines

चंडीगढ़ में इंपाउंड बाइक ट्रैफिक पुलिस लाइन से चोरी:मालिक डुप्लीकेट चाबी लगाकर ले गया, बिना नंबर प्लेट के पकड़ी; वारदात CCTV में कैद




चंडीगढ़ सेक्टर-26 के ग्रीन मार्केट चौक पर ट्रैफिक पुलिस ने बिना नंबर प्लेट बाइक चलाने पर एक युवक का 10,500 रुपये का चालान काटकर बाइक जब्त कर ली। बाइक को सेक्टर-29 स्थित ट्रैफिक पुलिस लाइन में खड़ा कर दिया गया। कुछ देर बाद पुलिसकर्मियों ने देखा तो बाइक वहां से गायब थी। पुलिस ने जब परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो हैरान करने वाला खुलासा हुआ। बाइक को कोई बाहर का चोर नहीं, बल्कि उसका मालिक ही डुप्लीकेट चाबी लगाकर ले गया था। बिना नंबर प्लेट के पकड़ी बाइक जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस की टीम सेक्टर-26 ग्रैंड मार्केट चौक पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने यूपी नंबर की एक बाइक को रोका। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिसकर्मियों ने बाइक चालक से वाहन के जरूरी दस्तावेज मांगे, लेकिन वह दस्तावेज भी नहीं दिखा पाया। बाइक चालक की पहचान राजेंद्र के रूप में हुई। ट्रैफिक पुलिस ने बिना नंबर प्लेट और दस्तावेज नहीं होने पर उसका 10,500 रुपये का चालान काटा। इसके बाद बाइक को जब्त कर सेक्टर-29 स्थित ट्रैफिक पुलिस लाइन में जमा करवा दिया गया। कुछ देर बाद पुलिस लाइन से बाइक गायब बाइक को पुलिस लाइन में जमा करवाने के बाद पुलिसकर्मी अपने काम में लग गए। कुछ समय बाद जब पुलिसकर्मियों ने जब्त की गई बाइक को देखा तो वह अपनी जगह पर नहीं थी। बाइक गायब मिलने से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बाइक के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की। सीसीटीवी कैमरे में कैद वारदात पुलिस अधिकारी ने सबसे पहले ट्रैफिक पुलिस लाइन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। कैमरे में एक युवक बाइक के पास पहुंचता दिखाई दिया। उसने आराम से बाइक में डुप्लीकेट चाबी लगाई और उसे स्टार्ट कर वहां से लेकर चला गया। सीसीटीवी फुटेज में युवक का चेहरा भी साफ दिखाई दे रहा था। पुलिस ने फुटेज देखकर जब उन ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को बुलाया, जिन्होंने सेक्टर-26 में बाइक का चालान किया था, तो उन्होंने युवक की पहचान राजेंद्र के रूप में कर दी। पुलिसकर्मियों ने बताया कि सीसीटीवी में दिखाई दे रहा युवक वही है, जिसकी बाइक का कुछ समय पहले चालान किया गया था। डुप्लीकेट चाबी से बाइक ले गया जांच में सामने आया कि राजेंद्र ने बाइक को पुलिस लाइन से निकालने के लिए डुप्लीकेट चाबी का इस्तेमाल किया था। वह बिना किसी रोक-टोक के बाइक लेकर पुलिस लाइन से बाहर निकल गया। इसके बाद पुलिस ने राजेंद्र की तलाश शुरू की और उसके पास से बाइक बरामद कर ली।पुलिस ने राजेंद्र से पूछताछ की कि जब बाइक पुलिस ने जब्त कर ली थी तो वह उसे पुलिस लाइन से चोरी-छिपे वापस क्यों लेकर गया। इस सवाल का वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पुलिस ने उसकी जानकारी और पिछला रिकॉर्ड भी चेक किया। जांच में उसके खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला या आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया। मोबाइल का काम करता है राजेंद्र पूछताछ में सामने आया कि राजेंद्र मोबाइल का काम करता है। पुलिस के अनुसार, उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांग ली। उसका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी नहीं मिला। मामले में पुलिस ने उसे समझाने के बाद उसके खिलाफ कोई आपराधिक कार्रवाई नहीं की। हालांकि, इस घटना ने ट्रैफिक पुलिस लाइन में जब्त वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *