शिक्षिका की मौत मामले में झपटमार गिरोह पर कार्रवाई:पूर्णिया पुलिस ने कटिहार में की छापेमारी, दो बाइक बरामद




पूर्णिया पुलिस ने एक शिक्षिका की मौत से जुड़े अंतरजिला झपटमार गिरोह का भंडाफोड़ किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक शौर्य सुमन के नेतृत्व में डिजिटल साक्ष्य के आधार पर अभियुक्तों की पहचान की गई और कटिहार में उनके ठिकानों पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पूर्णिया पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें जब्त कीं। हालांकि, अभियुक्त अपने घरों पर नहीं मिले। यह कार्रवाई कटिहार जिले के हाजीपुर मोहल्ले में की गई। पूर्णिया पुलिस को कटिहार में छापेमारी इसलिए करनी पड़ी क्योंकि बीते दिनों पूर्णिया शहर के सहायक खजांची थाना क्षेत्र के शारदा नगर में एक शिक्षिका के गले से सोने की चेन छीनने के दौरान धक्का लगने से उनकी गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई थी। इस मामले में शामिल दोनों बदमाशों की पहचान कर ली गई है। छापेमारी के दौरान घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की लाल रंग की अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई। सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पराशर ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिक्षिका के गले से चेन छीनने वाले बदमाशों की पहचान कटिहार जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हाजीपुर वार्ड-5 निवासी मो. शाहरूख और कटिहार के हृदयगंज निवासी जाबिर हुसैन के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एसडीपीओ ने यह भी बताया कि जांच में सामने आया है कि यही दोनों बदमाश कुछ दिन पहले दुर्गाबाड़ी इलाके में मॉर्निंग वॉक कर रही एक अन्य महिला के गले से भी सोने की चेन छीन चुके थे। इस प्रकार, ये दोनों शातिर अपराधी लगातार चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। दूसरी वारदात में प्रयुक्त नीले रंग की यमहा आर 15 मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। दोनों बदमाशों की पहचान उनके परिजनों ने भी कर ली है। छापेमारी टीम में सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पराशर, सहायक खजांची थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार, एसआई पंकज कुमार, एसआई सुमित कुमार, सिपाही अभिमन्यु कुमार और डीआईयू टीम के अधिकारी शामिल थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *