![]()
कांगड़ा शहर और नेशनल हाईवे पर पिछले कई दिनों से लग रहे लगातार ट्रैफिक जाम को देखते हुए स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया है। सोमवार को एसडीएम डॉ. अंजली गर्ग की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें यातायात व्यवस्था सुधारने और जाम की समस्या के समाधान को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में नगर परिषद को निर्देश दिए गए कि नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को दो दिनों के भीतर हटाया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही नगर परिषद को महीने में दो बार शहर का औचक निरीक्षण कर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के चालान काटने के निर्देश भी दिए गए हैं। SDM बोलीं- मैं खुद कांगड़ा बाजार का निरीक्षण करूंगी तहसील चौक स्थित मिनी सचिवालय के गेट और पॉलिटेक्निक कॉलेज के बाहर फुटपाथ पर हुए अतिक्रमण को हटाने पर भी चर्चा हुई। एसडीएम ने कहा कि वह स्वयं कुछ दिनों बाद कांगड़ा बाजार का निरीक्षण करेंगी। एनएचएआई अधिकारियों को रियुंद खड्ड पर निर्माणाधीन पुल का कार्य सितंबर तक पूरा करने को कहा गया है, ताकि फोरलेन सड़क पूरी तरह शुरू हो सके और शहर में वाहनों का दबाव कम हो। वहीं लोक निर्माण विभाग को समेला सुरंग से कांगड़ा बाईपास तक सड़क पर पैच वर्क जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सीवरेज विभाग को चल रहे कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा पुलिस विभाग को श्रावण अष्टमी मेले के दौरान यातायात नियमों का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने कच्छियारी बाईपास के उपयोग को बढ़ावा देकर शहर में ट्रैफिक दबाव कम करने की योजना भी बनाई है।
Source link
कांगड़ा में लगातार ट्रैफिक जाम पर प्रशासन सख्त:अतिक्रमण हटाने के आदेश; पुल निर्माण और सड़क मरम्मत तेज होगी
