N Raghuraman Column | Meta Muse AI Assistant Launch Features & Usage


  • Hindi News
  • Opinion
  • N Raghuraman Column | Meta Muse AI Assistant Launch Features & Usage

2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक
एन. रघुरामन, मैनेजमेंट गुरु - Dainik Bhaskar

एन. रघुरामन, मैनेजमेंट गुरु

सभी टेक्नोलॉजी कंपनियों ने एक कला में महारत हासिल कर ली है, जो उनका बिजनेस बन गई है। वे कोई चीज बनाती हैं, फिर आमजन को यकीन दिलाती हैं कि वे इसके बिना रह ही नहीं सकते। इसकी शुरुआत फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सएप से हुई थी, सही है ना? हममें से ज्यादातर लोग इनके बिना रह नहीं सकते, है ना? क्लास के स्टूडेंट की तरह उंगली उठाकर मत बोलिए कि ‘मैं ऐसा नहीं हूं।’ मैं सहमत हूं कि कुछ लोग इनके आदी नहीं हुए होंगे। इसीलिए मैंने कहा कि ज्यादातर लोग।

अब इसका सबसे ताजा उदाहरण मेटा प्लेटफॉर्म का पर्सनल एआई-एजेंट ‘म्यूज’ है। किसी सॉफ्ट टॉय के चबी वर्जन जैसे दिखने वाले म्यूज ने लोगों का ध्यान खींचा है। वरना 8 सितंबर 2026 को यूएस और कनाडा में लॉन्च होने के सिर्फ 22 दिनों में ही इसके 5 मिलियन से ज्यादा डाउनलोड कैसे हो गए?

इस माइलस्टोन ने इसे अब तक के सबसे तेजी से बढ़ते एआई एप्स में शामिल कर दिया है, जिसने इनिशियल लॉन्च डाउनलोड स्पीड के मामले में चैटजीपीटी, ग्रोक और क्लॉड को भी पीछे छोड़ दिया। मेटा ने भारत में इसके ऑफिशियल लॉन्च की तारीख या टाइमलाइन घोषित नहीं की है।

म्यूज के बारे में नहीं जानने वालों को बता दूं कि हमारे टेक्स्ट का जवाब देने वाले सामान्य चैटबॉट्स के विपरीत म्यूज एक पर्सनल एआई-एजेंट है, लेकिन ‘एजेंटिक बिहेवियर’ के लिए। यह मल्टी-स्टेप टास्क संभालता है, बैकग्राउंड में ऑटोमैटिकली काम करता है और हमारी ओर से डिजिटल सेवाओं के साथ बातचीत करता है।

विशेषज्ञों को लगता है कि म्यूज के साथ आप जो भी जानकारी शेयर करते हैं, तकनीकी तौर पर वह मेटा के साथ शेयर हो सकती है। कंपनी कहती है कि इसका इस्तेमाल आपको विज्ञापन दिखाने के लिए नहीं किया जाएगा, लेकिन एआई मॉडल्स को प्रशिक्षित करने के लिए किया जा सकता है। यह कुछ हद तक हमारे द्वारा कॉल सेंटर में की जाने वाली कॉल्स जैसा ही है, जहां ऑटो-आंसर मशीन कहती है कि ‘यह कॉल आंतरिक इस्तेमाल और ट्रेनिंग के लिए रिकॉर्ड की जा सकती है।’

आप सेटिंग्स में जाकर ऑप्ट-आउट कर सकते हैं, लेकिन मेटा का कहना है कि उसके एम्प्लॉयी खास परिस्थितियों को छोड़कर अकाउंट्स को एक्सेस नहीं करेंगे। मसलन, लॉ-एन्फोर्समेंट एजेंसियों की गुजारिश पर या यूजर की ओर से रिपोर्ट की गई समस्या पर। लेकिन विशेषज्ञों का सवाल है कि अगर यूजर का डिवाइस कॉम्प्रोमाइज हो जाए या खुद इस सर्विस में ही ब्रीच हो जाए तो क्या होगा?

आमतौर पर हमारे सोशल मीडिया एप्स, ईमेल, डेली-शॉपिंग लॉगिन और शॉपिंग के पैसे चुकाने में इस्तेमाल होने वाले बैंक अकाउंट, सभी के लॉगिन अलग-अलग होते हैं। प्रथमदृष्ट्या हम उम्मीद करते हैं कि वे सुरक्षित हैं, क्योंकि वे अलग-अलग हैं। लेकिन किसी एक सर्विस को इनमें से किसी एक या सभी लॉगिन तक एक्सेस देकर क्या हम कोई बड़ा जोखिम पैदा नहीं कर रहे?

यह ऐसा ही है जैसे ऑफिस में आपका पर्सनल असिस्टेंट न सिर्फ आपका बैंक अकाउंट, बल्कि पैसे ट्रांसफर करने का पासवर्ड भी जानता हो। उस पर्सनल असिस्टेंट की वफादारी के बावजूद छोटी-सी संभावना बनी रहती है कि शायद उसका दिमाग बदल सकता है। इसी तरह म्यूज में हमारे सभी लॉगिन के लिए ‘सिक्योर क्रेडेंशियल स्टोर’ है।

मेटा का कहना है कि इसकी मदद से एआई-एजेंट पासवर्ड देखे बिना उनका इस्तेमाल कर सकता है। लेकिन विशेषज्ञ कहते हैं कि एआई-एजेंट मुश्किलें भी पैदा कर सकते हैं। किसी ईमेल या वेबसाइट में ऐसे छिपे हुए प्रॉम्प्ट हो सकते हैं, जो बॉट्स को निर्देशों को नजरअंदाज कर निजी डेटा हैकर के अकाउंट्स पर भेजने के लिए कहें।

अमेरिकन इकोनॉमिक लिबर्टीज प्रोजेक्ट के सीनियर लीगल काउंसिल ली हेप्नर कहते हैं कम से कम जब तक कोई विश्वसनीय विकल्प नहीं आता, ‘मेटा के ट्रैक रिकॉर्ड में ऐसा कुछ भी नहीं है, जो यह भरोसा देता हो कि वे निजी जानकारी के प्रबंधक या कस्टोडियन बनेंगे।’ म्यूज के शुरुआती यूजर्स निजी जानकारी के अप्रत्याशित रूप से लीक होने का जिक्र कर चुके हैं।

टेक कमेंटेटर मैट रॉब ने हाल ही में बताया कि म्यूज ने उनके द्वारा बेचने के लिए पोस्ट किए गए एक आइटम की तय कीमत से कम कीमत संभावित खरीदार को बता दी और उसे उनके घर का पता भी दे दिया। बाद में म्यूज टीम ने इस गड़बड़ी के लिए रॉब के अकाउंट की कन्फ्यूजिंग सेटिंग्स को जिम्मेदार बताया।

फंडा यह है कि म्यूज जैसे अति-संवेदनशील टेक्नोलॉजी-ड्रिवन पर्सनल डेटा-ट्रैकिंग सिस्टम का इस्तेमाल करने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि निजी जानकारियों से भरी आपकी अलमारी की चाबी अच्छे-से सुरक्षित तो है।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *