![]()
पंजाब में 2027 के चुनाव से पहले भाजपा ने पार्टी में दूसरे बड़े सिख चेहरे पूर्व मंत्री मनप्रीत बादल को तवज्जो दी है। मनप्रीत बादल को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले भाजपा पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों को पार्टी का प्रधान बना चुकी है। मनप्रीत अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल के चचेरे भाई हैं। सोमवार को हुई घोषणा में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में मनप्रीत समेत पंजाब 4 नेताओं को जगह मिली है। इनमें अमृतसर से तरूण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी लगाया है। चंडीगढ़ के सौदान सिंह को संगठन में राष्ट्रीय सहमहामंत्री बनाया गया है। वहीं, आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में आए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। चुघ हाल ही में मध्य प्रदेश से राज्यसभा बनाए गए हैं। इकलौते सिख चेहरे मनप्रीत बादल को बड़े पद पर लेने को पंजाब में चुनाव से पहले सिखों से नजदीकी बढ़ाने की कवायद माना जा रहा है। मनप्रीत बादल कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए थे। अब तीनों नेताओं के बारे में विस्तार से पढ़िए… पूर्व CM के भतीजे, पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री रह चुके मनप्रीत बादल 1962 में जन्मे मनप्रीत सिंह बादल पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री हैं। वह पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल के भतीजे हैं। उन्होंने 1995 में अकाली दल से अपना राजनीतिक सफर शुरू किया और 2007 से 2010 तक अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार में वित्त मंत्री रहे। इसके बाद 2010 में उन्होंने अकाली दल से अलग होकर पीपुल्स पार्टी ऑफ पंजाब (PPP) बनाई। फिर 2016 में उन्होंने अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कर दिया। इसके बाद 2017 में पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने पर उन्हें दोबारा वित्त मंत्री बनाया गया। उन्होंने जनवरी 2023 में कांग्रेस से इस्तीफा दिया और 18 जनवरी 2023 को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में भाजपा में शामिल हो गए। इस दौरान केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल समेत भाजपा के कई नेता मौजूद थे। मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं तरुण चुघ तरुण चुघ मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं। उन्हें जून 2026 में निर्विरोध चुना गया और 29 जून 2026 को उन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। वह मूल रूप से पंजाब के अमृतसर के रहने वाले हैं। वे भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में पंजाब से जुड़े प्रमुख चेहरों में शामिल हैं। चुघ ने राजनीति में आने से पहले RSS और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के साथ काम किया। इसके बाद वह भाजपा के युवा संगठन भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) से जुड़े। यहीं से उन्होंने संगठन में अपनी पहचान बनानी शुरू की। पार्टी संगठन में काम करते हुए वह पंजाब भाजपा में भी कई जिम्मेदारियों पर रहे। उन्होंने प्रदेश सचिव समेत अलग-अलग संगठनात्मक पदों पर काम किया। इसके बाद उनकी सक्रियता राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती गई। तरुण चुघ को भाजपा ने राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दीं। वह 2017 में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव बने। इसके बाद 2020 में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया था। उन्होंने अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रभारी के तौर पर भी जिम्मेदारियां संभालीं। RSS से भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बने सौदान सिंह भाजपा के वरिष्ठ नेता सौदान सिंह लंबे समय तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पूर्णकालिक प्रचारक रहे हैं। उन्होंने संगठन में शुरुआती जिम्मेदारियां मध्य प्रदेश में संभालीं और बाद में भाजपा के संगठनात्मक काम में सक्रिय भूमिका निभाई। 1990 के दशक में वह भाजपा के संगठनात्मक ढांचे से जुड़े और अलग-अलग राज्यों में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी संभाली। बाद में वह भाजपा के संयुक्त राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के तौर पर भी महत्वपूर्ण भूमिका में रहे। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और राजस्थान समेत कई राज्यों में संगठन का काम देखा। 31 दिसंबर 2020 को भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया। इसके साथ उनका केंद्र रायपुर से चंडीगढ़ कर दिया गया और उन्हें पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ में पार्टी संगठन की जिम्मेदारी दी गई। 2022 में भाजपा ने उन्हें हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव का प्रभारी भी बनाया था। 2026 में भी वह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर सक्रिय रहे। —————- ये खबर भी पढ़ें… खट्टर के करीबी भाटिया बने BJP के नए राष्ट्रीय महामंत्री, पार्टी की नेशनल टीम से जाट नेता धनखड़ की छुट्टी, अरुण यादव-सिद्धार्थ को मीडिया सेल में जगह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया। इसमें हरियाणा से जुड़े 4 नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। 2024 के लोकसभा चुनाव में मनोहर लाल खट्टर के लिए अपनी सीट छोड़ने वाले संजय भाटिया को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। BJP के हरियाणा प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया भी राष्ट्रीय महामंत्री बने हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
Source link
मनप्रीत बादल BJP के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बने:AAP छोड़ भाजपा में गए संदीप पाठक को राष्ट्रीय सचिव बनाया; नई टीम में पंजाब-चंडीगढ़ से 4 चेहरे शामिल
