Headlines

जमुई में नुक्कड़ नाटक से साइबर ठगी के प्रति जागरूकता:पुलिस ने दिखाए ठगी के तरीके, पीड़ित महिला बोली- पढ़े-लिखे भी बन रहे शिकार




जमुई पुलिस ने साइबर ठगी के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने और लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। ‘साइबर महाजागरूकता अभियान’ के तहत नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के तरीके बताए जा रहे हैं। मुजफ्फरपुर से आई कलाकारों की टीम जिले के अलग-अलग स्थानों पर नाटक और नृत्य के माध्यम से लोगों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक कर रही है। कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों के जरिए साइबर अपराध के अलग-अलग तरीकों को जीवंत रूप से प्रस्तुत किया। इसमें अनजान फोन कॉल, ऑनलाइन खरीदारी, फर्जी लिंक, ओटीपी और अन्य डिजिटल माध्यमों से होने वाली ठगी से बचने के लिए जरूरी सावधानियों पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, स्थानीय लोगों और पुलिस अधिकारियों ने भी भाग लिया। एक महीने पहले ठगी का शिकार हुई थीं प्रीति नुक्कड़ नाटक देखने पहुंची प्रीति चौरसिया ने बताया कि कलाकारों ने साइबर ठगी की घटनाओं को जिस तरह प्रस्तुत किया, वह आज की वास्तविकता है। उन्होंने बताया कि करीब एक महीने पहले वह खुद ऑनलाइन साइबर ठगी का शिकार हुई थीं और उनके साथ करीब एक हजार रुपये की धोखाधड़ी हुई थी। प्रीति ने कहा कि पढ़े-लिखे लोग भी साइबर अपराधियों के झांसे में आ रहे हैं। ऐसे में लोगों को जागरूक करने वाले कार्यक्रम बेहद जरूरी हैं। ‘Think Before You Act’ का दिया संदेश जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है और पुलिस को आए दिन ऑनलाइन ठगी की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश ‘Think Before You Act’ का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी अनजान कॉल या ऑनलाइन गतिविधि पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय पहले सोचें और फिर कोई कदम उठाएं। दूर बैठे अपराधी बना सकते हैं निशाना एसपी ने कहा कि साइबर अपराधी किसी एक स्थान तक सीमित नहीं हैं। वे दूसरे राज्यों या दूर बैठे लोगों को भी अपना शिकार बना सकते हैं। ऐसे में साइबर अपराध से बचने का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता और सावधानी है। इसी उद्देश्य से जमुई जिले में साइबर महाजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुजफ्फरपुर की नाट्य टीम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को साइबर ठगी के प्रति सतर्क करेगी और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के जरूरी उपाय बताएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *