![]()
कपूरथला में विदेश भेजने के नाम पर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में कपूरथला निवासी एक व्यक्ति से कनाडा भेजने के नाम पर एक दंपति द्वारा 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर थाना सदर कपूरथला पुलिस ने आरोपी दंपति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस को दी शिकायत में गांव माधोझंडा निवासी चैन सिंह पुत्र हरि सिंह ने बताया कि जालंधर निवासी शैली पत्नी सतनाम सिंह और सतनाम सिंह पुत्र गुरदीप सिंह ने उन्हें कनाडा भेजने का भरोसा दिया था। आरोपी दंपति ने शिकायतकर्ता और उसके परिवार के लिए कनाडा का फैमिली वीजा लगवाने की बात कहते हुए उनसे 20 लाख रुपये ले लिए थे। दोनों आरोपियों की नहीं हुई गिरफ्तारी शिकायतकर्ता के अनुसार, पैसे लेने के बाद आरोपियों ने न तो कनाडा का वीजा लगवाया और न ही उसकी रकम वापस की। जब चैन सिंह ने बार-बार अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब न तो वीजा लगा और न ही रकम वापस मिली तो पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की। मामले की जांच कर रहे थाना सदर कपूरथला के एएसआई गुरमीत सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता के बयानों और प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस ने शैली तथा सतनाम सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता से किस आधार पर रकम ली थी और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
Source link
कनाडा भेजने का झांसा देकर 20 लाख की ठगी:कपूरथला में दंपति पर केस दर्ज; दोनों आरोपी अब भी फरार
