Headlines

पाकुड़ में दो हाईवा की सीधी टक्कर, चालक गंभीर:कोयला लदे हाईवा से खाली हाईवा भिड़ा, केबिन में फंसे चालक को जेसीबी से निकाला




पाकुड़-अमड़ापाड़ा लिंक रोड पर बुधवार को पचूवाड़ा-डुंगरी पहाड़ के बीच दो हाईवा की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक हाईवा का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के शीशे टूटकर सड़क पर बिखर गए और केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र की कोयला खदान से कोयला लोड कर एक हाईवा पाकुड़ के लोटामारा स्थित कोयला अनलोडिंग साइडिंग की ओर जा रहा था। इसी दौरान पाकुड़ की ओर से आ रहे खाली हाईवा ने सामने से आ रहे लोड हाईवा में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एक वाहन का चालक क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गया। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने जेसीबी की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला और इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा। हादसे के बाद एक घंटे तक जाम रहा लिंक रोड दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। दोनों हाईवा के क्षतिग्रस्त होने के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। करीब एक घंटे तक लिंक रोड पर जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर संबंधित कोल कंपनी के सुपरवाइजर और सुरक्षाकर्मी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर कोयला परिवहन करने वाले भारी वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क पर तेज गति से चलने वाले हाईवा के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से लिंक रोड पर वाहनों की गति और आवाजाही को नियंत्रित करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। तीन दिनों में तीन हादसों से ग्रामीणों में आक्रोश लिंक रोड पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन दिनों में इसी मार्ग पर तीन हादसे हो चुके हैं। इनमें दो चालकों के घायल होने की बात सामने आई है। सोमवार को महेशपुर थाना क्षेत्र के सिल्कुटी गांव के पास लिंक रोड पर एक हाईवा सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसके अगले दिन मंगलवार को पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के पॉलिटेक्निक के पास लिंक रोड पर दो हाईवा की टक्कर हो गई थी, जिसमें एक चालक घायल हुआ था। अब बुधवार को पचूवाड़ा-डुंगरी पहाड़ के बीच दो हाईवा की आमने-सामने टक्कर ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने कहा कि लगातार हादसों के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *