डिप्लोमा इंजीनियरिंग, एक परीक्षा के लिए तीन फरमान:जेयूटी : पहले केंद्र, फिर तारीख बदली, अंत में परीक्षा ही रद्द




झारखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी (जेयूटी) में डिप्लोमा इंजीनियरिंग फोर्थ सेमेस्टर परीक्षा-2026 को लेकर रविवार को विश्वविद्यालय प्रशासन के तीन अलग-अलग आदेशों ने विद्यार्थियों को असमंजस में डाल दिया। 16 अगस्त को जारी तीन नोटिफिकेशन में परीक्षा को लेकर तीन अलग-अलग तस्वीर सामने आई। पहले आदेश में छात्र संख्या अधिक होने का हवाला देकर परीक्षा केंद्र बदल दिया गया। इसके बाद दूसरे आदेश में पहले से निर्धारित परीक्षा तिथि में बदलाव कर दिया गया। जबकि तीसरे आदेश में विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि परीक्षा स्थगित कर दी गई है। एक ही परीक्षा को लेकर एक ही दिन में जारी इन आदेशों ने विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था, निर्णय प्रक्रिया और आपसी समन्वय पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहला आदेश : बदला केंद्र पहले आदेश में परीक्षा केंद्र पर छात्र संख्या अधिक बताते हुए केंद्र में बदलाव किया गया। कहा कि रांची कॉलेज ऑफ फार्मेसी में जिनकी परीक्षा थी वे अब सीआईटी रांची केंद्र पर परीक्षा देंगे। दूसरा आदेश : परीक्षा 24 से दूसरे आदेश में विवि ने डिप्लोमा फोर्थ सेमेस्टर की परीक्षा तिथि में बदलाव कर दिया। मंगलवार से होने वाली परीक्षा की तिथि बढ़ा दी गई। कहा कि अब यह परीक्षा 24 अगस्त से आयोजित की जाएगी। तीसरा आदेश : परीक्षा रद्द तीसरे आदेश में विवि ने कहा कि डिप्लोमा फोर्थ सेमेस्टर-2026 को विवि स्तर पर लिए गए निर्णय के अनुसार निरस्त कर दिया गया है। स्पष्ट किया गया कि उक्त परीक्षा अब आयोजित नहीं की जाएगी। छात्र बोले- परीक्षा की तैयारी पर पड़ रहा असर जारी आदेशों ने छात्रों के सामने बड़ा भ्रम खड़ा कर दिया है। जिस परीक्षा के लिए छात्र तैयारी कर रहे थे, उसके लिए पहले केंद्र बदला गया, फिर तारीख बदली गई और अंत में परीक्षा ही रद्द कर दी गई। प्रभावित छात्रों ने कहा कि ऐसे में एक ही दिन में बदलते आदेश सिर्फ प्रशासनिक कागज नहीं होते, उनका सीधा असर उनकी तैयारी और भविष्य पर पड़ता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *