Headlines

'बेरहमी से मारपीट करने के बाद उसे सड़क पर घसीटा':समस्तीपुर में युवक की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा, दो दिन पहले झाड़ियों में मिली थी लाश




समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के गंगौली गांव में दो दिन पहले बरतूहारी से लौट रहे युवक भिखारी सदा की निर्मम हत्या कर दी गई थी। मेडिकल रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने के बाद उसे सड़क पर घसीटा गया। घसीटे जाने के कारण उसके पेट और सीने के पास करीब एक फीट लंबी और आठ इंच चौड़ी जगह की चमड़ी उधड़ गई। वहीं, शरीर के पिछले हिस्से में चूतड़ पर करीब छह इंच गुणा छह इंच क्षेत्र में चमड़ी गायब मिली। कंधे के पास भी गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण मारपीट और गला घोंटने को बताया गया है। मृतक के सिर पर भी किसी वजनदार वस्तु से वार किए जाने के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक डॉ. संतोष झा ने बताया कि अधेड़ की बेरहमी से पिटाई की गई है। पत्नी के बयान पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी हत्या के मामले में मृतक की पत्नी रविता देवी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें मृतक के सौतेले भाई धर्मेंद्र सदा, गांव की एक महिला समेत छह लोगों को आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी में उक्त महिला पर घटना में लाइनर की भूमिका निभाने का आरोप लगाया गया है। सभी आरोपी घर से फरार बताए जा रहे हैं। ग्रामीण ने पहले ही हत्या की धमकी मिलने की कही बात ग्रामीण राजो सदा ने बताया कि भिखारी उनके साथ मुजफ्फरपुर गया था और दोनों साथ ही वापस लौटे थे। उन्होंने बताया कि भिखारी के सौतेले भाई धर्मेंद्र ने उनसे कहा था कि भिखारी को समझा दें, नहीं तो दस दिनों के अंदर उसे मार दिया जाएगा। राजो ने भिखारी को इस धमकी के बारे में बताया भी था, लेकिन उसने इसे गंभीरता से नहीं लिया। राजो सदा के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे सभी लोग मुजफ्फरपुर से लौटे थे। सोना चौक पर सभी ने एक साथ चाय पी। इसके बाद भिखारी अपने घर की ओर चला गया, जबकि वह अपने घर की ओर चले गए। इसी दौरान रात में सूचना मिली कि भिखारी की हत्या कर दी गई है। उन्होंने बताया कि करीब छह महीने पहले भी भिखारी और धर्मेंद्र के बीच विवाद हुआ था। उस दौरान धर्मेंद्र ने तलवार से हमला किया था। दोनों को पुलिस थाने ले गई थी, लेकिन बाद में धर्मेंद्र को छोड़ दिया गया। राजो का कहना है कि उस समय पुलिस ने कार्रवाई की होती तो भिखारी की जान बच सकती थी। ग्रामीण ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का लगाया आरोप ग्रामीण अमित कुमार ने पुलिस पर जानबूझकर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उनका कहना है कि आरोपी की ओर से एक-दो और लोगों की हत्या करने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। प्राथमिकी में पांच कट्ठा जमीन का विवाद मृतक की पत्नी रविता देवी द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में सौतेले देवर धर्मेंद्र सदा पर पांच कट्ठा जमीन को लेकर विवाद का आरोप लगाया गया है। प्राथमिकी के अनुसार, धर्मेंद्र जमीन में पूरी हिस्सेदारी चाहता था। इसको लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और वह लगातार धमकी भी दे रहा था। रविता देवी ने आरोप लगाया है कि रविवार रात उनके पति मुजफ्फरपुर से लड़की देखकर लौट रहे थे। इसी दौरान धर्मेंद्र ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। घटनास्थल के पास से धर्मेंद्र की बाइक भी बरामद हुई है। पुलिस पदाधिकारी ने क्या कहा? रोसड़ा के डीएसपी संजय सिन्हा ने बताया कि मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी पक्ष का मृतक के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। हालांकि, मामले में अन्य बिंदुओं पर भी पुलिस जांच कर रही है। अवैध संबंध के कारण हत्या किए जाने की बात भी सामने आ रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *