![]()
फतेहपुर में एक हार्डवेयर कंपनी के स्टेट हेड से 31 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। उन्हें एक कंस्ट्रक्शन फर्म में साझेदार बनाने और मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया गया था। पीड़ित की शिकायत पर सदर कोतवाली पुलिस ने फर्म संचालक के खिलाफ मंगलवार देर रात धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कलक्टरगंज आरके पुरम निवासी गौरव पांडेय एक हार्डवेयर कंपनी में स्टेट हेड के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पूर्व परिचित कलक्टरगंज निवासी राजेश तिवारी से थी। राजेश युवराज कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर फर्म का संचालन करते हैं। गौरव का आरोप है कि राजेश ने उन्हें अपनी फर्म में साझेदार बनाने और अच्छा मुनाफा दिलाने का लालच दिया। पीड़ित के अनुसार, वर्ष 2024 और 2025 के बीच उन्होंने अपनी पत्नी अंकिता, पिता राकेश कुमार पांडेय और मां पूर्णिमा पांडेय के खातों के साथ-साथ अपने क्रेडिट कार्ड से राजेश और उसके बताए खातों में कुल 55 लाख 32 हजार 508 रुपये भेजे। गौरव ने बताया कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, तो राजेश ने कई बार कुछ पैसे लौटाए, लेकिन अभी भी लगभग 31 लाख रुपये बकाया हैं। गौरव का यह भी आरोप है कि रकम वापस मांगने पर राजेश ने उन्हें 50 हजार रुपये के फर्जी लेनदेन में फंसाने की कोशिश की। इसके बाद गौरव पांडेय ने पुलिस से शिकायत की। सदर कोतवाली प्रभारी हेमंत मिश्रा ने बुधवार सुबह बताया कि तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
हार्डवेयर कंपनी के स्टेट हेड से 31 लाख हड़पे:फतेहपुर की फर्म में साझेदार बनाने का झांसा देकर धोखाधड़ी, मुकदमा दर्ज
