![]()
विश्व फोटोग्राफी दिवस के उपलक्ष्य में लुधियाना फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन की ओर से स्थानीय लक्ष्मी लेडीज क्लब में दो दिवसीय भव्य फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन प्रसिद्ध उद्योगपति और समाज सेविका क्रेमिका ग्रुप की संस्थापक पदमश्री रजनी बेक्टर ने किया। प्रदर्शनी में शहर के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े फोटो जर्नलिस्टों द्वारा साल भर में खींची गई बेहतरीन तस्वीरों को प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही दर्शकों के आकर्षण का केंद्र पुराने दौर के विंटेज कैमरे भी रहे जो फोटोग्राफी के बदलते दौर और इतिहास की झलक पेश करते हैं। साल भर की कड़ी मेहनत से चुनी गईं 42 सर्वश्रेष्ठ तस्वीरें एसोसिएशन के प्रधान कुलदीप काला ने जानकारी देते हुए बताया एसोसिएशन के 23 सदस्य साल भर शहर के हर छोटे-बड़े घटनाक्रम, सुख-दुख और मौसम की परवाह किए बिना फील्ड में काम करते हैं। साल भर के अथक प्रयासों के बाद प्रत्येक सदस्य की 2-2 सबसे उत्कृष्ट तस्वीरों का चयन किया गया है। विविधता से भरी गैलरी: प्रदर्शनी में कुल 42 बेहतरीन तस्वीरें लगाई गई हैं जिनमें मानवीय संवेदनाएं, शहर की हलचल, खेल, प्रकृति और खास पलों को जीवंत रूप में कैद किया गया है।
बच्चों को जरूर दिखाएं प्रदर्शनी ताकि पता चले एक क्लिक के पीछे का संघर्ष प्रधान कुलदीप काला ने शहरवासियों से प्रदर्शनी देखने की अपील करते हुए कहा कि हर वर्ग के लोगों और खासकर बच्चों को यह प्रदर्शनी जरूर देखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक तस्वीर केवल एक क्लिक नहीं होती, बल्कि उसके पीछे फोटो जर्नलिस्ट की दिन-रात की दौड़, कड़कड़ाती ठंड, भारी बारिश और चिलचिलाती धूप का संघर्ष छिपा होता है। इस प्रदर्शनी से लोगों को फील्ड में काम करने वाले पत्रकारों और फोटोग्राफरों की मेहनत और उनके नजरिए को करीब से समझने का मौका मिलेगा।
Source link
लुधियाना फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन की 2 दिवसीय फोटो प्रदर्शनी:लक्ष्मी लेडीज क्लब में सजी 42 चुनिंदा तस्वीरें और विंटेज कैमरे, पदमश्री रजनी बेक्टर ने किया उद्घाटन
