![]()
फरीदकोट में गांव किला नौ को जाने वाली सड़क पर सीवरेज के गंदे पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने कौमी किसान यूनियन के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने ऐलान किया है कि जब तक सीवरेज की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। उन्होंने आने वाले दिनों में संघर्ष को और तेज करने की चेतावनी भी दी है। धरने के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि शहर का सीवरेज का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल रहा है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि करीब दो माह पहले भी इस समस्या को लेकर धरना दिया गया था। उस समय नगर कौंसिल के ईओ सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे थे और समस्या का जल्द समाधान करवाने का भरोसा दिया था, लेकिन अभी तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर जमा सीवरेज के गंदे पानी के कारण स्कूली बच्चों, दोपहिया वाहन चालकों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। पानी के कारण कई बार दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिरने से घायल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों ने कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर कौंसिल, जिला प्रशासन और राज्य सरकार को शिकायतें भेजी जा चुकी हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मजबूर होकर उन्हें दोबारा धरना शुरू करना पड़ा है। इस मौके पर कौमी किसान यूनियन के जिला प्रधान गुरमीत सिंह ने कहा कि सीवरेज के पानी के कारण सड़क पर बहुत बड़ा गड्ढा हो चुका है जिसके चलते यहां से पैदल तो दूर वाहन से भी निकलना मुश्किल है। जब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग रखी।
Source link
सीवरेज के गंदे पानी से परेशान ग्रामीणों का धरना:फरीदकोट में सड़क पर बना बड़ा गड्ढा, बोले- समाधान होने तक जारी रहेगा संघर्ष
