Headlines

छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर DAVV में प्रदर्शन:विद्यार्थियों ने तोड़ा गेट; 10 के खिलाफ FIR, साइकिल यात्रा निकालकर पहुंचे थे




छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर इंदौर में मंगलवार को छात्रों का आंदोलन उग्र हो गया। आईपीएस कॉलेज से देवी अहिल्या विश्वविद्यालय तक निकाली गई साइकिल यात्रा के बाद विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को रोकने के लिए प्रबंधन ने चैनल गेट पर ताला लगा दिया। इस पर विद्यार्थी गेट तोड़कर अंदर घुस गए। मामले में प्रबंधन की शिकायत के बाद पुलिस ने 10 विद्यार्थियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। साइकिल यात्रा आईपीएस कॉलेज से शुरू हुई। आईपीएस कॉलेज के वीरेंद्र गुर्जर के नेतृत्व में निकली यात्रा में विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थी शामिल हुए। हाथों में मांगों से जुड़े पोस्टर और नारे लगाते हुए विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की। गेट तोड़ने के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। तारीख जल्द घोषित करने की मांग विश्वविद्यालय पहुंचने के बाद विद्यार्थियों ने जमकर नारेबाजी की। छात्र प्रतिनिधि वीरेंद्र गुर्जर ने बताया कि उन्होंने ज्ञापन सौंपकर सितंबर में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की है। अभी तक चुनाव की तारीख घोषित नहीं की गई है। उन्होंने प्रदेश सरकार से चुनाव की आधिकारिक तारीख जल्द घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रत्यक्ष निर्वाचन प्रणाली से कराए जाएं, ताकि प्रत्येक पात्र विद्यार्थी को अपने प्रतिनिधियों के चयन के लिए मतदान का अवसर मिले। वहीं गेट तोड़ने के आरोप पर उन्होंने कहा कि गेट पुराना था और विद्यार्थियों ने उसे नहीं तोड़ा। भीड़ के दबाव के कारण गेट खुद गिर गया था। कुलपति से मिला प्रतिनिधिमंडल, आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखीं। बाद में कुलपति ने छात्र नेताओं से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने छात्रसंघ चुनाव की तारीख घोषित करने और सितंबर में चुनाव कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। कुलपति ने छात्रसंघ चुनाव कराने को लेकर आश्वासन दिया। इसके बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *