Headlines

कालका-शिमला रेल मार्ग पर मलबा गिरा, यातायात प्रभावित:कोटी स्टेशन पर रोकी गई एक्सप्रेस ट्रेन, सेना ने 172 यात्रियों को सुरक्षित पहुंचाया




कालका-शिमला रेल मार्ग पर बुधवार को गुम्मन और कोटी स्टेशनों के बीच पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण रेल यातायात बाधित हो गया। इस घटना से ट्रेन संख्या 52458 कालका-शिमला एक्सप्रेस में सवार 172 यात्री प्रभावित हुए, जिन्हें बाद में सेना की मदद से सुरक्षित कालका स्टेशन पहुंचाया गया। रेलवे को दोपहर करीब 3:15 बजे ट्रैक पर मलबा आने की सूचना मिली। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए कालका-शिमला एक्सप्रेस को दोपहर 3:28 बजे कोटी स्टेशन पर रोक दिया गया। रेलवे अफसरों के आदेश पर कर्मचारियों ने तुरंत ट्रैक से मलबा हटाने और रेल यातायात बहाल करने का काम शुरू किया। हालांकि, लगातार बारिश के कारण कालका और आसपास के क्षेत्रों में सड़क यातायात भी बुरी तरह प्रभावित था, जिससे यात्रियों को सड़क मार्ग से आगे ले जाना चुनौतीपूर्ण हो गया। सेना ने यात्रियों के लिए 3 वाहन उपलबध कराए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने स्थानीय सेना अधिकारियों से संपर्क साधा। सेना ने तीन वाहन उपलब्ध कराए, जो शाम करीब 6:10 बजे कोटी स्टेशन पहुंचे। इन वाहनों के माध्यम से सभी 172 यात्रियों को सुरक्षित कालका रेलवे स्टेशन ले जाया गया। यात्री शाम करीब 7:20 बजे कालका स्टेशन पहुंचे। वहां रेलवे द्वारा उनके लिए पीने के पानी और जलपान की व्यवस्था की गई थी। रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही और अन्य आवश्यक सहायता सुनिश्चित की। रेलवे ने इस पूरी प्रक्रिया में समय पर सहयोग और समन्वय प्रदान करने के लिए स्थानीय सेना अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *