![]()
दिल्ली में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत करने की दिशा में बुधवार को 200 नई इलेक्ट्रिक बसें सड़क पर उतारी गईं। उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही दिल्ली के इलेक्ट्रिक बस बेड़े की संख्या करीब 5 हजार पहुंच गई है। कार्यक्रम में विधायक सूर्य प्रकाश खत्री समेत वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कॉलेजों के लिए 56 लेडीज स्पेशल बस सेवाएं शुरू
कार्यक्रम के दौरान दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि महिलाओं के लिए 56 समर्पित लेडीज स्पेशल इलेक्ट्रिक बस सेवाओं की शुरुआत की गई। ये बसें दिल्ली के प्रमुख कॉलेजों को जोड़ेंगी। इनमें हिंदू कॉलेज, रामजस कॉलेज, दौलतराम कॉलेज, श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स, लेडी श्रीराम कॉलेज, गार्गी कॉलेज, हंसराज कॉलेज और श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स शामिल हैं। सरकार के अनुसार, इन सेवाओं का उद्देश्य छात्राओं और कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है। कॉलेजों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ने से छात्राओं को आने-जाने में भी सुविधा होगी। दिल्ली-कर्नाल इंटरस्टेट सेवा भी शुरू
सरकार ने दिल्ली-कर्नाल इंटरस्टेट इलेक्ट्रिक बस सेवा का भी उद्घाटन किया। इसके अलावा राजघाट डिपो-1 में सार्वजनिक इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन शुरू किया गया। सरकार का कहना है कि नई इलेक्ट्रिक बसें और चार्जिंग सुविधाएं दिल्ली के स्वच्छ परिवहन तंत्र को मजबूत करेंगी। इन पहलों से सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी बढ़ाने, महिलाओं के लिए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने और प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी।
Source link
दिल्ली को मिलीं 200 नई इलेक्ट्रिक बसें:बस बेड़ा 5 हजार के करीब पहुंचा, दिल्ली-कर्नाल इंटरस्टेट सेवा व राजघाट में ईवी चार्जिंग स्टेशन शुरू
