![]()
इंदौर में खाद्य सुरक्षा को लेकर की जा रही कार्रवाई के बीच खाद्य विभाग ने भोलाराम उस्ताद मार्ग स्थित मीरा गार्डन के पास संचालित बिरयानी केंद्र पर कार्रवाई की। सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के बाद टीम ने बुधवार को यहां औचक निरीक्षण किया। जांच में सेंटर बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित मिला। इसके बाद विभाग ने केंद्र को सील कर दिया। जांच के दौरान मौके पर वेज बिरयानी, इडली-सांभर और उपमा का निर्माण और विक्रय किया जा रहा था। अधिकारियों के मुताबिक खाद्य सामग्री सर्वानंद नगर स्थित परिसर में तैयार कर खंडवा रोड सहित शहर के अलग-अलग आउटलेट पर भेजी जा रही थी। जांच के दौरान मिर्च पाउडर और सौंफ में आर्टिफिशियल रंग मिलाए जाने की आशंका भी सामने आई। टीम ने दोनों के सैंपल लिए हैं। इसके अलावा वेज बिरयानी का नमूना भी जांच के लिए लिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य विभाग आगे की कार्रवाई करेगा। बिरयानी में अजीनोमोटो का इस्तेमाल मिला निरीक्षण के दौरान बिरयानी में अजीनोमोटो यानी मोनोसोडियम ग्लूटामेट का इस्तेमाल किया जाना भी पाया गया। यह खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला फ्लेवरिंग एजेंट है। सामान्य मात्रा में इसका इस्तेमाल आम तौर पर सुरक्षित माना जाता है, हालांकि कुछ संवेदनशील लोगों में अधिक मात्रा लेने पर सिरदर्द, फ्लशिंग, झुनझुनी या अन्य अस्थायी लक्षण महसूस होने की रिपोर्ट है। दोनों जगह नहीं मिला खाद्य लाइसेंस खाद्य विभाग की टीम को निर्माण और विक्रय, दोनों परिसरों का खाद्य लाइसेंस नहीं मिला। मौके पर पानी की जांच रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल की रिपोर्ट भी प्रस्तुत नहीं की जा सकी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने इसे नियमों के उल्लंघन के रूप में लेते हुए सेंटर सील कर दिया। स्वाद बढ़ाने के लिए होता है अजीनोमोटो का उपयोग अजीनोमोटो को आम तौर पर MSG (Monosodium Glutamate) कहा जाता है। यह ग्लूटामिक एसिड का सोडियम नमक है और कई खाद्य पदार्थों में स्वाद बढ़ाने के लिए इस्तेमाल होता है। बच्चों के स्वास्थ्य के लिए यह अधिक हानिकारक होता है।
Source link
बिना लाइसेंस चल रहा बिरयानी केंद्र सील:बिरयानी में मिला रहे थे अजीनोमोटो, मिर्च-सौंफ में आर्टिफिशियल रंग की आशंका
