Headlines

लुधियाना में कारोबारी को धमकी:गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम पर आई थ्रेट,परिवार को अगवा करने की दी वार्निंग, फिर मांगी रंगदारी




लुधियाना में एक कारोबारी और उसके परिवार के सदस्यों को विदेशी मोबाइल नंबरों से कॉल और वॉयस मैसेज भेजकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ बताते हुए परिवार के सदस्यों को अगवा करने की धमकी दी और रंगदारी (फिरौती) की मांग की। शिकायत के आधार पर थाना सदर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अलग-अलग विदेशी नंबरों से आई कॉल पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित प्रदीप सिंह ने बताया कि उसके और परिवार के सदस्यों के मोबाइल फोन पर अलग-अलग विदेशी नंबरों से लगातार कॉल और वॉयस मैसेज आ रहे थे। कॉल करने वाला उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा था। आरोपी ने खुद को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ बताते हुए फिरौती की मांग की। मांग पूरी न करने पर परिवार को अगवा करने की धमकी शिकायतकर्ता के मुताबिक, धमकी देने वाले व्यक्ति ने कहा कि अगर उसकी मांग पूरी नहीं की गई तो वह उसके बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों को अगवा कर लेगा। आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि मांग न मानने पर परिवार को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। लगातार मिल रही धमकियों के कारण परिवार में डर का माहौल है। 4 विदेशी नंबरों से संपर्क शिकायत में पुलिस को चार मोबाइल नंबर भी दिए गए हैं। इनमें +447919779569, +351964851142, +4915212483550 और +351939199588 शामिल हैं। इन नंबरों से कॉल करने के साथ-साथ वॉयस मैसेज भी भेजे गए। पुलिस इन नंबरों और कॉल के स्रोत की जांच कर रही है। गोल्डी बराड़ के नाम का इस्तेमाल करने की जांच पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि धमकी देने वाला व्यक्ति वास्तव में कौन है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी का किसी आपराधिक गिरोह से संबंध है या उसने कारोबारी को डराने और फिरौती वसूलने के लिए गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम का इस्तेमाल किया। शिकायत के आधार पर थाना सदर पुलिस ने BNS की धारा 308(2), 351(2) और 62 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस कॉल डिटेल, वॉयस मैसेज और संबंधित मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कौन है गोल्डी बराड़? गोल्डी बराड़ का असली नाम सतिंदरजीत सिंह है। वह पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले से संबंधित है। वह लॉरेंस के करीबी सहयोगी के तौर पर सामने आया और बाद में विदेश से बिश्नोई गैंग की गतिविधियां चलाने का आरोपी बना था। उसका नाम सबसे ज्यादा पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या में सामने आया। 29 मई 2022 को मूसेवाला की मानसा जिले में हत्या कर दी गई थी। भारतीय जांच एजेंसियां गोल्डी बराड़ को इस हत्याकांड का प्रमुख आरोपी/साजिशकर्ता मानती हैं। गोल्डी बराड़ के खिलाफ प्रमुख मामलों में हत्या, हत्या की साजिश, हत्या के प्रयास, रंगदारी, हथियारों की तस्करी और ड्रग तस्करी जैसे आरोप शामिल हैं। पंजाब पुलिस और NIA लंबे समय से उसके नेटवर्क की जांच कर रही हैं। इसके अलावा अमेरिका में जुलाई 2026 में उसके खिलाफ अलग से RICO/ऑर्गनाइज्ड क्राइम की साजिश, रंगदारी से जुड़ी साजिश और ड्रग-ट्रैफिकिंग की साजिश के आरोप लगाए गए। लॉस एंजिलिस की संघीय अदालत ने 1 जुलाई 2026 को उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। मीडिया रिपोर्ट्स मुताबिक गोल्डी बराड़ अमेरिका में है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *