Headlines

पठानकोट-नशामुक्ति की दवा लेने वाले कॉलोनी में करते नशा:केंद्र के आसपास सुबह से देर रात तक हुड़दंग, परेशान लोगों ने किया प्रदर्शन




पठानकोट के सिविल अस्पताल परिसर में स्थित नशा छुड़ाऊ केंद्र की बदइंतजामी के खिलाफ स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। शाहपुर चौक की वार्ड नंबर-4 कॉलोनी के निवासियों, स्थानीय व्यापारियों और वार्ड के पार्षद (MC) ने एकत्र होकर नशे के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और पुलिस से इलाके का माहौल खराब करने वालों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल के नशा छुड़ाऊ केंद्र से दवा लेने के लिए आने वाले कुछ असामाजिक तत्व दवा प्राप्त करने के बाद आसपास के रिहाइशी इलाकों में ही नशे का सेवन शुरू कर देते हैं। ये लोग सुबह 7 बजे से लेकर देर रात 10 बजे तक इलाके में घूमते रहते हैं और आए दिन हंगामा करते हैं, जिससे पूरी कॉलोनी का माहौल खराब हो रहा है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा प्रदर्शनकारियों ने बताया कि सुबह से रात तक असामाजिक तत्वों के जमावड़े के कारण कॉलोनीवासियों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है। डर और असुरक्षा के माहौल के चलते लोगों का शाम के समय अपने ही घरों से बाहर निकलना भी दुभर हो गया है। पुलिस से कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई कॉलोनीवासियों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार स्थानीय पुलिस प्रशासन से शिकायत की और इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस या स्थायी कार्रवाई नहीं की गई। इसी उपेक्षा से तंग आकर आज व्यापारी और स्थानीय लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर हुए। प्रशासन और पुलिस से सख्त कदम उठाने की मांग प्रदर्शन में शामिल नेताओं और नागरिकों ने जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि नशा छुड़ाऊ केंद्र के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर नशे का सेवन करने, गुंडागर्दी करने और कॉलोनी का माहौल बिगाड़ने वाले हुड़दंगियों पर नकेल कसने की चेतावनी दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *