Headlines

रोज एक किमी कीचड़ में स्कूल जाते हैं बच्चे:मानपुर जनपद पंचायत में सड़क खराब, हर बरसात बनती है मुसीबत




उमरिया जिले के मानपुर जनपद पंचायत अंतर्गत कोडार गांव में लगभग एक किलोमीटर की सड़क ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। बारिश के दिनों में यह सड़क कीचड़ और पानी से भर जाती है, जिससे बच्चों को रोज इसी रास्ते से होकर स्कूल जाना पड़ता है। इस खराब रास्ते के कारण कई बार बच्चे कीचड़ में फिसलकर गिर जाते हैं। इससे उनके कपड़े गंदे होने के साथ-साथ चोटिल होने का भी खतरा बना रहता है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चे सुबह स्कूल के लिए निकलते हैं तो उन्हें उनकी सुरक्षा की चिंता सताती है। ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल से लौटते समय बच्चों के कपड़े अक्सर कीचड़ से खराब हो जाते हैं। तेज बारिश होने पर सड़क की स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जिससे पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। यह सड़क केवल स्कूली बच्चों के लिए ही नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में ग्रामीणों के लिए भी आवागमन का मुख्य मार्ग है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक किलोमीटर लंबी इस सड़क के सुधार की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। ग्रामीण रामू ने जानकारी दी कि कई बार जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सड़क की हालत देखी है, फिर भी इसमें सुधार नहीं हुआ। एक अन्य ग्रामीण गज्जू ने कहा कि खराब सड़क के कारण बच्चों के साथ-साथ ग्रामीणों को भी काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि वे तो किसी तरह अपनी समस्या झेल लेते हैं, लेकिन बच्चों को रोज इस तरह की मुश्किलों से गुजरते देखना चिंताजनक है। इस मामले को लेकर मानपुर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अंकित सिरोठिया ने संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो और सड़क की स्थिति खराब रहे, यह स्वीकार्य नहीं है। सीईओ सिरोठिया ने बताया कि सड़क में जल्द सुधार कराया जाएगा। उन्होंने तत्काल ग्राम पंचायत सचिव को सड़क की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए हैं, ताकि बारिश के दौरान बच्चों और ग्रामीणों को आवागमन में कोई दिक्कत न हो। ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि जनपद पंचायत स्तर से दिए गए निर्देश के बाद सड़क की वास्तविक स्थिति में सुधार होगा और बच्चों को रोजाना कीचड़ भरे रास्ते से होकर स्कूल जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *