![]()
थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद पुलिस ने कारोबारी के बिजनेस पार्टनर कंपनी की फर्जी ईमेल आईडी बनाकर 20 लाख रुपए की साइबर ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज निवासी वरुण पटेल, शहनवाज, कृष्णा नगर निवासी कुसुम तथा शास्त्री पार्क निवासी वसीम खान के रूप में हुई है। थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने बताया कि टोहाना की न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी विनय जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी सिम्बलवाला रोड टोहाना में सनमाइका की फैक्ट्री है। वह कच्चे माल की खरीद के लिए अहमदाबाद और मुंबई स्थित एक कंपनी के संपर्क में रहता था। दोनों के बीच व्यापारिक लेन-देन और माल की आपूर्ति संबंधी बातचीत ईमेल के माध्यम से होती थी। बैंक खाता बदलने की ईमेल प्राप्त हुई शिकायतकर्ता के अनुसार, अगस्त 2026 में उसे बिजनेस पार्टनर की मिलती-जुलती ईमेल आईडी से संदेश प्राप्त हुए, जिनमें कच्चे माल की पेमेंट के लिए बैंक खाता बदलने की जानकारी दी गई। इन ईमेल पर विश्वास करके उसने 2 सितंबर को 10 लाख रुपए तथा 3 सितंबर को 10 लाख रुपए, कुल 20 लाख रुपए बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद दोबारा बैंक खाता बदलने संबंधी ईमेल आने पर उसे संदेह हुआ। जब उसने संबंधित कंपनी से संपर्क किया तो पता चला कि कंपनी ने अपना बैंक खाता नहीं बदला था। इस प्रकार अज्ञात साइबर ठगों ने फर्जी ईमेल के माध्यम से उससे 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी कर ली। पुलिस की अपील- भुगतान करने से पहले पुष्टि जरूर करें इस संबंध में थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद में धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए चारों आरोपियों को काबू किया है। मामले में अन्य पहलुओं की जांच जारी है। फतेहाबाद पुलिस ने कारोबारियों से अपील की है कि ईमेल के माध्यम से बैंक खाता बदलने संबंधी निर्देश मिलने पर भुगतान करने से पहले संबंधित कंपनी से उसके आधिकारिक फोन नंबर पर पुष्टि अवश्य करें।
Source link
फतेहाबाद के कारोबारी से ₹20 लाख की ठगी:फर्जी ईमेल आईडी बनाई, बैंक अकाउंट बदलवाया, दिल्ली से महिला समेत 4 अरेस्ट
