![]()
नरसिंहपुर जिले की चीचली जनपद पंचायत में 38 दिनों से चल रहे धरने के बाद मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) अभिषेक गुप्ता को उनके पद से हटा दिया गया है। यह आदेश बुधवार शाम को जारी किया गया। अभिषेक गुप्ता के स्थान पर सहायक यंत्री पुनीत लिटोरिया को जनपद पंचायत बाबई चीचली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उन्हें यह जिम्मेदारी वर्तमान प्रभार के साथ दी गई है। यह कार्रवाई जनपद अध्यक्ष राधाबाई अहिरवार के नेतृत्व में चल रहे धरने के बीच हुई है। अध्यक्ष और उनके समर्थकों ने लंबे समय से सीईओ अभिषेक गुप्ता पर मनमानी और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। धरने पर बैठे समर्थक इस आदेश को अपने आंदोलन की जीत मान रहे हैं। हालांकि, जिला पंचायत के आधिकारिक आदेश में अध्यक्ष के धरने या उनके द्वारा लगाए गए आरोपों का उल्लेख नहीं है। आदेश के अनुसार, अभिषेक गुप्ता जनपद पंचायत मुख्यालय पर बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए और उनसे दूरभाष पर भी संपर्क नहीं हो सका। प्रशासनिक कार्य संचालन की सुविधा के लिए यह बदलाव किया गया है। जिला पंचायत नरसिंहपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी। सियासी और प्रशासनिक गलियारों में यह चर्चा गर्म है कि 38 दिन के धरने के बाद हुई यह कार्रवाई महज एक संयोग है या आंदोलन के दबाव का परिणाम है। सरकारी दस्तावेज फिलहाल सीईओ की अनुपस्थिति को ही इसका कारण बता रहे हैं।
Source link
38 दिन के प्रदर्शन के बाद जनपद सीईओ हटाए:आदेश में बताया- लगातार गैरहाजिर थे, समर्थक आंदोलन की जीत मान रहे
