![]()
अलवर शहर के समोला चौक के पास गौवंश के अवशेष (मुंड और पैर) मिलने पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हाईवे पर प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया। इससे सड़क के दोनों ओर करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीओ सिटी ने प्रदर्शनकारियों से समझाइश कर स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए। पुलिस मामले की जांच और अवशेष मिलने की परिस्थितियों की पड़ताल में जुटी है। दरअसल, गुरुवार दोपहर करीब 2.30 बजे घटना से नाराज बजरंग दल सहित हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सामोला चौक पर हाईवे जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की। हालांकि, करीब एक घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से समझाइश कर जाम खुलवा दिया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। अवशेष फेंकने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पुलिस के सामने मांग रखी है कि जहां गौवंश के अवशेष मिले हैं, उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए और अवशेष फेंकने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही मिले गौवंश के मुंड का पोस्टमॉर्टम करवाने की मांग की गई, ताकि मामले की जांच में स्थिति स्पष्ट हो सके। अलवर शहर में गौवंश के अवशेष मिलने जैसी चौथी बार घटना बजरंग दल के जिला सह संयोजक कुलदीप जायसवाल ने कहा कि अलवर शहर में इस तरह की घटना चौथी बार सामने आई है। उनका आरोप है कि हर बार प्रशासन जांच का आश्वासन देता है, लेकिन बाद में यह कहकर मामला खत्म कर दिया जाता है कि अवशेष कुत्ते लेकर आए होंगे। उन्होंने कहा कि अब संगठन को प्रशासन की जांच पर भी संदेह है। मांग है कि मामले की गहनता से जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि गौवंश के अवशेष यहां कैसे पहुंचे। अवशेष फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान कर किया जाए गिरफ्तार वहीं मोहित शर्मा ने कहा कि उनकी मांग है कि गौवंश के अवशेष फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए। प्रदर्शन के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने समझाइश कर मामला शांत कराया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी मौके से हट गए और हाईवे पर यातायात बहाल हुआ।
Source link
गौवंश के अवशेष मिलने पर भड़के हिंदू संगठन, हाईवे जाम:दोनों तरफ एक किलोमीटर तक लगी वाहनों की कतारें, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से की समझाइश
