![]()
मिर्जापुर में जनसुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में ‘जिला सड़क सुरक्षा समिति’ की समीक्षा बैठक की। इस दौरान सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के मुफ्त इलाज, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाने जैसे कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कांवड़ ले जा रहे श्रद्धालुओं के आवागमन वाले सभी मार्गों को सुगम व सुरक्षित बनाने की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि वर्षा के कारण जो भी सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, उन्हें आगामी दो दिनों के भीतर हर हाल में दुरुस्त कर लिया जाए। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने स्कूली वाहनों की निरंतर जांच करने और बिना फिटनेस के किसी भी स्कूली वाहन का संचालन न होने देने पर जोर दिया। बैठक में अधिशासी अभियंता नगर पालिका ने बताया कि एक अवैध स्टैंड हटा दिया गया है। हाईवे पर अवैध पार्किंग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बड़े वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर चालान की सख्त कार्रवाई करने को कहा। पूर्व में कहने के बावजूद नटवा चौराहे के गड्ढों को ठीक न किए जाने और संतोषजनक उत्तर न मिलने पर जिलाधिकारी ने NHAI के सहायक अभियंता अजीत प्रकाश वर्मा को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को स्वयं धरातलीय निरीक्षण कर सुधार करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों के त्वरित उपचार के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ‘इमरजेंसी मेडिकल प्लान’ बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी सरकारी या निजी अस्पताल द्वारा घायल मरीजों का तत्काल इलाज बिना पैसे के शुरू किया जाए। इलाज का पूरा भुगतान सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा और एसपी सिटी नितेश सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link
सड़क दुर्घटना घायलों का मुफ्त इलाज:मिर्जापुर में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में निर्देश
