![]()
सिरोही के अजीत जैन भवन में शुक्रवार को पुनीत कुमार जैन की अध्यक्षता में नगर कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। इसमें आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति, संगठन को मजबूत करने, वार्ड स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने और चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों पर विस्तार से चर्चा की गई। नगर कांग्रेस अध्यक्ष पुनीत कुमार जैन ने कहा कि आगामी निकाय चुनाव कांग्रेस पार्टी के लिए महत्वपूर्ण हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के प्रत्येक वार्ड में जनता के बीच जाकर कांग्रेस बोर्ड के कार्यकाल में किए गए कार्यों और जनहित में कांग्रेस की भावी नीतियों से जनता को अवगत करवाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी संगठन को वार्ड स्तर तक और मजबूत किया जाएगा। जैन ने पार्टी के लिए कार्यकर्ताओं को अहम बताया और कहा कि योग्य, सक्रिय तथा जनता के बीच लगातार रहने वाले कार्यकर्ता आज भी पार्टी की प्राथमिकता में शुमार हैं। नगर अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर सिरोही शहर की व्यवस्थाओं और जनसमस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। आवारा पशु, सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों की अव्यवस्था जैसी समस्याओं से आमजन परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन ने जनसमस्याओं को कभी प्राथमिकता नहीं दी। हालात यह हैं कि जन समस्या लेकर जाने वाले आमजन ही नहीं, बल्कि खुद भाजपा के कार्यकर्ताओं की भी भाजपा के नेता और प्रशासन अनदेखी कर रहे हैं। जैन ने कहा कि सिरोही की जनता बेहतर सफाई व्यवस्था, व्यवस्थित यातायात, आवारा पशुओं से मुक्ति, स्वच्छ एवं सुंदर शहर तथा मूलभूत सुविधाओं की हकदार है। लेकिन, भाजपा सरकार ने पौने दो सालों से चुनावों को टाल कर जनता को उनके हक से वंचित रखा है। कांग्रेस पार्टी आगामी निकाय चुनाव में इन्हीं जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और शहर की समस्याओं के स्थायी समाधान का संकल्प लेकर चुनाव लड़ेगी। नगर कांग्रेस कमेटी ने संकल्प व्यक्त किया कि आगामी निकाय चुनाव में सिरोही शहर की जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए कांग्रेस को मजबूत जनसमर्थन दिलाने के लिए पूरी ताकत के साथ कार्य किया जाएगा।
Source link
निकाय चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस:वार्ड स्तर पर संगठन मजबूत करने की रणनीति पर की चर्चा
