20 लाख और प्लाट के लिए विवाहिता को निकाला:सहारनपुर में पति, ससुर और दो ननदों पर मारपीट व दहेज उत्पीड़न का आरोप; बेटे से भी नहीं मिलने दिया




सहारनपुर में दहेज में 20 लाख रुपए और एक प्लॉट की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। कमालपुर निवासी अन्नु ने अपने पति, ससुर और दो ननदों पर दहेज के लिए मारपीट करने, गाली-गलौज करने और मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। विवाहिता का कहना है कि 22 मई 2025 को ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और उसके बेटे को अपने पास रखकर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद से उसे बेटे से मिलने भी नहीं दिया जा रहा है। महिला की शिकायत पर सहारनपुर महिला थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शादी में 20 लाख रुपये खर्च किए, फिर भी करते रहे परेशान कमालपुर निवासी अन्नु के अनुसार, उसकी शादी 18 अप्रैल 2017 को देवबंद थाना क्षेत्र के मकबरा गांव निवासी डेविस कुमार के साथ हुई थी। अन्नु का आरोप है कि उसके मायके वालों ने शादी में करीब 20 लाख रुपये खर्च किए थे। घरेलू जरूरत का सामान, सोने-चांदी के जेवर और महंगे कपड़े भी दिए थे। इसके बावजूद पति डेविस कुमार, ससुर राजेंद्र और ननद पारुल व अंजू उससे खुश नहीं थे। आरोप है कि शादी के बाद से ही कम दहेज लाने की बात कहकर उसे ताने दिए जाने लगे। ससुराल वाले उस पर 20 लाख रुपये नकद और एक प्लॉट लाने का दबाव बनाने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। बेटे के जन्म पर भी दिए थे डेढ़ लाख रुपये के सामान अन्नु ने शिकायत में बताया कि 28 जुलाई 2018 को उसने बेटे तैजस को जन्म दिया था। बच्चा जीवित है और फिलहाल ससुराल वालों के पास है। बेटे के जन्म के बाद मायके वालों ने छुछक की रस्म में करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें जेवर, एसी और कीमती कपड़े सहित अन्य सामान दिया गया था। आरोप है कि इतना सब देने के बाद भी ससुराल वालों के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। महिला का कहना है कि उसके पति ने उससे बातचीत करना बंद कर दिया था। वह जब अपने ससुर को खाना देने जाती थी तो वे खाना फेंक देते थे। अन्नु ने आरोप लगाया कि पति के घरेलू मामलों में उसकी दोनों बहनों का काफी दखल था और परिवार के फैसले उनकी सहमति से लिए जाते थे। धीरे-धीरे ससुराल वालों का व्यवहार और खराब होता गया। वे उसे चरित्रहीन कहकर अपमानित करने लगे। बीमार होने पर दवा तक नहीं दिलाई जाती थी। आत्महत्या करने का दबाव बनाने का भी आरोप अन्नु के मुताबिक, जब उसने और उसके मायके वालों ने ससुराल पक्ष से इस व्यवहार का कारण पूछा तो उन्होंने 20 लाख रुपये और प्लॉट की मांग दोहराई। आरोप है कि ससुराल वालों ने कहा कि मांग पूरी नहीं हुई तो उसके साथ इससे भी बुरा व्यवहार किया जाएगा। वे उसके बेटे को भी उससे दूर रखने लगे और घर छोड़ने का दबाव बनाने लगे। महिला का आरोप है कि उसे तरह-तरह से प्रताड़ित किया जाता था। उसे आत्महत्या करने के लिए कहा जाता था। ससुराल वालों की ओर से यह भी कहा जाता था कि अगर वह ऐसा नहीं करेगी तो वे उसे मारकर पति की दूसरी शादी करा देंगे। 22 मई 2025 को मारपीट कर घर से निकाला अन्नु ने शिकायत में आरोप लगाया कि 22 मई 2025 को सुबह करीब 10 बजे पति, ससुर और दोनों ननदों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसका बेटा छीनकर उसे घर से बाहर निकाल दिया। आरोप है कि ससुराल वालों ने साफ कह दिया कि जब तक वह मायके से 20 लाख रुपये और प्लॉट लेकर नहीं आएगी, तब तक उसे घर में नहीं रखा जाएगा। दोबारा जबरन घर में आने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। महिला के अनुसार, ससुराल वालों ने उसके मायके से मिले जेवर और कीमती कपड़े अपने पास रख लिए। उसे केवल पहने हुए कपड़ों में घर से निकलना पड़ा। इसके बाद वह किसी तरह अपने मायके पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष से संपर्क कर उसे वापस रखने के लिए कहा, लेकिन दहेज की मांग पूरी हुए बिना उसे घर में रखने से इनकार कर दिया गया। स्कूल में बेटे से मिलने पहुंची तो वहां भी रोका अन्नु ने पुलिस को बताया कि वह अपने बेटे तैजस से बहुत प्यार करती है, लेकिन ससुराल वाले उसे बच्चे से मिलने नहीं देते। 9 दिसंबर 2025 को वह बेटे से मिलने देवबंद स्थित दून वैली पब्लिक स्कूल पहुंची थी। आरोप है कि वहां भी उसे बेटे से नहीं मिलने दिया गया। इस दौरान उसने पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना देकर मदद मांगी, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। महिला ने 10 फरवरी 2026 को महिला थाने में शिकायत देकर पति डेविस कुमार, ससुर राजेंद्र और दोनों ननदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। उसने पुलिस से अपने बेटे से मिलवाने की भी गुहार लगाई। शिकायत के आधार पर महिला थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई का विवरण उपलब्ध नहीं है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *