Headlines

भैंस ढूंढने गया बुजुर्ग पानी में गिरा, मौत:रीवा में बारिश से जलभराव, लोगों के लिए परेशानी; परिजन का सहायता राशि देने पंचनामा बनाया




रीवा की मनगवां तहसील के ग्राम पंचायत बांस में शुक्रवार को गहरे पानी में गिरने से 78 वर्षीय किसान बुद्धसेन मिश्रा की मौत हो गई। घर से भैंस सुबह चरने के लिए गई थी। उसे ही तलाशने किसान घर से निकले थे। इसी दौरान बावली के पास से गुजरते समय बारिश के कारण उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में जा गिरे। कुछ घंटे बाद स्थानीय लोगों ने पानी में शव तैरता देखा और परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो किसान का शव पानी में तैरता मिला। अनहोनी की आशंका को देखते हुए तत्काल डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही लालगांव चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाला। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पंचनामा और राहत कार्रवाई के निर्देश
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र तिवारी को भी दी। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को फोन के माध्यम से मामले की जानकारी दी। वहीं गढ़ वृत के नायब तहसीलदार अजय मिश्रा को घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने मामले को गंभीरता लिया। संबंधित हल्का पटवारी को मौके पर पहुंचकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई करने और प्राकृतिक आपदा के तहत मिलने वाली सहायता राशि की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। निर्देश मिलने के बाद हल्का पटवारी मौके पर पहुंचे और पंचनामा सहित प्राकृतिक आपदा से संबंधित आवश्यक कार्रवाई की गई। गौरतलब है कि पिछले दिनों रीवा जिले में हुई भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कहीं बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी है तो कहीं मकान गिरने और डूबने की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन की ओर से स्थानीय स्तर पर राजस्व अमले को प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का जायजा लेने और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में हल्का पटवारी सहित अन्य मैदानी अमला लगातार प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *