Headlines

बेकाबू कंटेनर ने कांवड़ियों के वाहन को 50 मीटर घसीटा:दो महिला समेत 10 घायल, पुलिस ने लोगों की मदद से अस्पताल भिजवाया, तीन गंभीर




मेरठ में लालकुर्ती थाना क्षेत्र के टैंक चौराहे पर शुक्रवार देर रात डाक कांवड़ लेकर एटा लौट रहे कांवड़ियों के जत्थे पर तेज रफ्तार कंटेनर कहर बनकर टूट पड़ा। सड़क किनारे खड़ी कांवड़ियों की पिकअप में कंटेनर ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसे करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में दो महिला समेत 10 कांवड़िया घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। पिकअप आगे जाकर हाईटेंशन लाइन के खंभे से टकराई, तब जाकर रुकी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कंटेनर चालक वाहन से कूदकर फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। तीन तस्वीरें देखें… एटा के सेना कला गांव से करीब 40 कांवड़ियों का जत्था 12 अगस्त को हरिद्वार से जल लेने के लिए रवाना हुआ था। डाक कांवड़ियों के साथ कलश कांवड़ भी मौजूद थी। गुरुवार को सभी कांवड़ियों ने हर की पैड़ी से गंगाजल उठाया और डाक कांवड़ के रूप में एटा के लिए वापसी शुरू कर दी। जत्थे का नेतृत्व सर्वेंद्र कर रहे थे। यात्रा के दौरान कांवड़िये अलग-अलग समूहों में आगे बढ़ रहे थे। टैंक चौराहे के निकट रुका था पिकअप
शुक्रवार रात करीब 12:15 बजे जत्था लालकुर्ती क्षेत्र के टैंक चौराहे पर पहुंचा। बताया गया कि जत्थे के कुछ कांवड़िये सड़क पर दौड़ते हुए आगे निकल रहे थे, जबकि उनके साथी पिकअप वाहन के साथ टैंक चौराहे पर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान मोदीपुरम की ओर से तेज रफ्तार में आया कंटेनर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़ी कांवड़ियों की पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। हाईटेंशन खंभे से टकराकर रुका पिकअप
टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर पिकअप को अपने आगे धकेलते हुए करीब 50 मीटर तक घसीटता चला गया। पिकअप में मौजूद कांवड़ियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद कांवड़िये और राहगीर मदद के लिए दौड़े। कुछ दूरी पर पिकअप हाईटेंशन लाइन के खंभे से टकराई तो जाकर उसकी रफ्तार थमी। गनीमत रही कि वाहन हाईटेंशन लाइन की चपेट में नहीं आया वरना हादसा और भयावह हो सकता था। कंटेनर चालक फरार, पुलिस मौके पर पहुंची
हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही लालकुर्ती थाना प्रभारी हरेंद्र पाल सिंह और इंस्पेक्टर सदर बाजार अखिलेश कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने आसपास मौजूद लोगों और कांवड़ियों की मदद से घायल कांवड़ियों को क्षतिग्रस्त पिकअप से बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। सोमवार सुबह तक पहुंचना था ऐटा
जत्थे का नेतृत्व कर रहे सर्वेंद्र ने बताया कि सभी कांवड़िये हरिद्वार से जल लेकर एटा लौट रहे थे। सोमवार तक उन्हें अपने गांव पहुंचना था। अब तक पूरी यात्रा ठीक चल रही थी, लेकिन मेरठ में टैंक चौराहे पर अचानक हुए हादसे ने जत्थे की खुशियों को मातम में बदल दिया। सीओ बोले- घायलों का चल रहा उपचार
थाना प्रभारी हरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि हादसे में घायल सभी लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है और फिलहाल सभी खतरे से बाहर बताए गए हैं। पुलिस ने फरार कंटेनर चालक की तलाश शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *