Headlines

बलरामपुर में झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से बच्चे की मौत:पुलिस को देखते ही करने लगा लकवा का नाटक, हिरासत में लिया गया




बलरामपुर के ग्राम जमुआटांड़ में कथित झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के बाद 3 साल के बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्राम जमुआटांड़ का रहने वाला अभीस चेरवा (3 साल) बुखार से पीड़ित था। बच्चे की मौत के बाद जब पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम आरोपी डॉक्टर को पकड़ने उसके घर पहुंची, तो उसने खुद को लकवा पीड़ित बताकर नाटक शुरू कर दिया। काफी देर तक चले इस ड्रामे के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। अब जानिए पूरा मामला परिजनों के मुताबिक, अभीस चेरवा (3 साल) को बुखार था। वे बच्चे को सरनाडीह गांव में बालेश्वर सिंह के पास इलाज कराने ले गए थे। आरोप है कि इंजेक्शन लगाने के बाद बच्चे की तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद परिवार उसे लेकर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर शुक्रवार को विकासखंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनुज टोप्पो और बीपीएम नेत्र प्रकाश शोर बच्चे के परिवार से मिलने पहुंचे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम बालेश्वर सिंह के घर जांच के लिए पहुंची। बताया जा रहा है कि टीम को देखते ही बालेश्वर सिंह ने खुद को लकवा पीड़ित बताकर नाटक शुरू कर दिया। वह काफी देर तक लकवा होने का एक्टिंग करता रहा। इसी दौरान पुलिस और तहसीलदार कावेरी मुखर्जी भी मौके पर पहुंच गईं। काफी देर के बाद पुलिस ने बालेश्वर सिंह को हिरासत में लिया और थाने ले गई। कोतवाली थाना प्रभारी भापेंद्र साहू ने बताया कि आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 105, 271 और 318 के साथ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *