Headlines

श्मशान घाट से पुलिस ने शव कब्जे में लिया:पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, आत्महत्या के बाद परिजन बिना सूचना अंतिम संस्कार कर रहे थे




धनबाद के नावाडीह में 22 वर्षीय युवती की मौत के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार करने तेलीपाड़ा श्मशान घाट पहुंच गए। सूचना मिलने पर धनबाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। बताया गया है कि नावाडीह निवासी अमर राय की 22 वर्षीय बेटी पल्लवी राय ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। परिजनों ने उसे फंदे से नीचे उतारा और तुरंत एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से शव लेकर परिजन सीधे तेलीपाड़ा श्मशान घाट पहुंचे और अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दीं। उन्होंने इस घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी थी। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने घटना की सूचना धनबाद सदर थाना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल श्मशान घाट पहुंची और परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ की। सदर थाना की एएसआई वर्षा कुमारी ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि आत्महत्या के एक मामले में बिना सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *