![]()
क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले ऐतिहासिक लॉर्ड्स पर शुक्रवार से एक नया इतिहास रचा जाने वाला है। 142 साल के लंबे इंतजार के बाद पहली बार यहां महिला टेस्ट खेला जाएगा। इस ऐतिहासिक मुकाबले में भारत का सामना इंग्लैंड से होगा। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम और नैट स्कीवर-ब्रंट की कप्तानी वाली इंग्लैंड टीम इस पल को यादगार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। क्रिकेट फैंस के लिए यह मुकाबला किसी रोमांच से कम नहीं होगा। एक्सप्लेनर में जानिए वो सबकुछ, जो जरूरी है… लॉर्ड्स के मैदान पर पहला महिला टेस्ट होने में इतना लंबा समय क्यों लगा? पुरुषों के पहले टेस्ट के 142 साल बाद यहां महिला टेस्ट हो रहा है। 1937 से अब तक इंग्लैंड की महिला टीम ने 19 अलग-अलग मैदानों पर 55 टेस्ट खेले हैं, लेकिन लॉर्ड्स अछूता रहा। जून 2023 में क्रिकेट में समानता आयोग की एक रिपोर्ट में लॉर्ड्स में महिलाओं का टेस्ट न होने को शर्मनाक बताया गया था। रिपोर्ट में कहा गया था- ‘क्रिकेट का घर (लॉर्ड्स) अब भी पुरुषों का ही घर है।’ इसके बाद ही बोर्ड जागा और ऐतिहासिक मैच तय हुआ। क्या महिला टेस्ट और पुरुष टेस्ट मैच के नियमों में कोई बड़ा अंतर होता है? पुरुषों की तुलना में महिला टेस्ट के नियमों में सबसे बड़ा अंतर दिनों की संख्या का है। पुरुष टेस्ट पांच दिनों का होता है। महिला टेस्ट चार दिनों तक ही खेला जाता है। हालांकि, इतिहास में पांच दिन के दो महिला टेस्ट भी हुए हैं। महिला टेस्ट में एक दिन में कम से कम 100 ओवर फेंके जाने का नियम है, जबकि पुरुषों में यह 90 ओवर का होता है। महिला टेस्ट में फॉलोऑन 200 रनों की बजाय 150 रनों की बढ़त पर दिया जा सकता है। भारत व इंग्लैंड में किसका पलड़ा भारी है? टेस्ट में भारत का पलड़ा भारी है। भारत ने 1995 के बाद से इंग्लैंड से कोई टेस्ट नहीं हारा है। इंग्लैंड की धरती पर तो भारत अब तक अजेय है। 9 टेस्ट में से 2 जीते हैं और 7 ड्रॉ रहे हैं। दोनों के बीच आखिरी टेस्ट दिसंबर 2023 में नवी मुंबई में हुआ था, जिसे भारत ने 347 रनों से अपने नाम किया था। इंग्लिश धरती पर दोनों टीमें आखिरी बार साल 2014 में भिड़ी थीं। इस ऐतिहासिक टेस्ट मैच से पहले दोनों टीमों का हालिया फॉर्म कैसा है? हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप में भारत ग्रुप स्टेज से बाहर हो गया था, जबकि इंग्लैंड को फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार मिली थी। टेस्ट की बात करें तो भारत ने मार्च में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में टेस्ट खेला था, जिसमें उसे हार मिली थी। यह साल 2006 के बाद भारत की पहली टेस्ट हार थी। वहीं, इंग्लैंड ने अपना आखिरी टेस्ट जनवरी 2025 में खेला था। इंग्लिश टीम ने 2015 के बाद से खेले गए पिछले 10 टेस्ट मैचों में से सिर्फ एक मैच जीता है। किन नए खिलाड़ियों पर नजरें रहेंगी? दोनों टीमों में 8 ऐसी खिलाड़ी हैं, जो पहली बार टेस्ट टीम से जुड़ी हैं। भारत की हरलीन देओल, श्री चरणी और तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा अनकैप्ड हैं। वहीं, इंग्लैंड की एलिस कैप्सी और 18 वर्षीय टिली कॉर्टन-कोलमैन जैसी युवा खिलाड़ी शामिल हैं। फैंस की खास नजरें इंग्लैंड की तेज गेंदबाज लॉरेन फाइलर और भारत की स्टार बैटर स्मृति मंधाना पर होंगी। टॉप ऑर्डर में जगह बनाने के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।
Source link
क्रिकेट के घर ‘लॉर्ड्स’ पर पहली बार महिला टेस्ट:इंग्लैंड के सामने अजेय भारत की चुनौती; जाने शुक्रवार से होने वाले मैच की हर बात
