![]()
श्रावण मास के अंतिम सोमवार को देखते हुए सोनभद्र जिले में पुलिस प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश पर पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और किसी भी अव्यवस्था से बचने के लिए की गई है। सावन के चौथे और आखिरी सोमवार के कारण जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों के जत्थे घाटों की ओर रवाना हो रहे हैं। लोढ़ी स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर कांवड़ियों के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया है। इसी तरह, चुर्क मोड़ पर भी बैरिकेडिंग की गई है और पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए चोपन से वाराणसी की ओर जाने वाली लेन को पूरी तरह खाली रखा गया है, जिसका उपयोग केवल कांवड़ यात्री कर रहे हैं। भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा इसके विपरीत, वाराणसी से चोपन की ओर जाने वाली लेन से अन्य वाहनों का आवागमन कराया जा रहा है। पुलिसकर्मी लगातार यातायात व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। रूट डायवर्जन के कारण वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। कांवड़ यात्रा वाले मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सीओ यातायात सुधीर सिंह के अनुसार, सावन के सोमवार को कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सड़क पर भारी भीड़ रहती है। इसे देखते हुए मंगलवार सुबह आठ बजे तक डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। सोनभद्र से मिर्जापुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को हिंदुआरी-सुकृत-अहरौरा मार्ग से होकर गुजरना होगा। इसी प्रकार, चोपन की ओर से मिर्जापुर, भदोही और प्रयागराज जाने वाले भारी वाहन रॉबर्ट्सगंज फ्लाईओवर-हिंदुआरी-अहरौरा-टेंगरा मोड़ से होकर जाएंगे। मधुपुर मार्ग का उपयोग करना होगा रायपुर-पन्नूगंज क्षेत्र से रॉबर्ट्सगंज, घोरावल और चोपन की ओर आने वाले भारी वाहनों को बेलखुरी मोड़ से मधुपुर मार्ग का उपयोग करना होगा। घोरावल-शाहगंज मार्ग से रॉबर्ट्सगंज शहर की ओर आने वाले भारी वाहन शाहगंज तिराहा से राजगढ़ की तरफ मोड़ दिए जाएंगे। मारकुंडी की तरफ से कचहरी होते हुए पन्नूगंज जाने वाले भारी वाहनों को रॉबर्ट्सगंज फ्लाईओवर से सीधे मधुपुर भेजा जाएगा। इसके बाद, उन्हें नौगढ़-रॉबर्ट्सगंज मार्ग से होते हुए बेलखुरी तिराहा की ओर निर्देशित किया जाएगा। राजगढ़ और रॉबर्ट्सगंज की तरफ से ट्रैक्टर से आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को शाहगंज से लगभग 4 किमी आगे ओदार गेट से सीधे शिवद्वार मंदिर की ओर मोड़ा जाएगा।
Source link
सोनभद्र में श्रावण के अंतिम सोमवार को हाई अलर्ट:पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई, यातायात सुचारु रखने को रूट डायवर्जन लागू
