![]()
चूरू के डाबला गांव में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने खुद को उनका परिचित डॉक्टर बताकर 62 हजार रुपए ठग लिए। इस संबंध में कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। कोतवाली थाना की साइबर डेस्क के सुनील कुमार धायल ने बताया कि बुजुर्ग के पास एक व्यक्ति का फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को उनका परिचित डॉक्टर बताया और बैंक खाते में तकनीकी समस्या का हवाला देते हुए बुजुर्ग के खाते में रुपए भेजने की बात कही। ठग ने कहा कि राशि आने के बाद वे बताए गए पते पर आगे भुगतान कर दें। ठग ने बुजुर्ग के मोबाइल पर खाते में रकम जमा होने का एक फर्जी मैसेज भेजा। इस मैसेज को सच मानकर बुजुर्ग ठग के झांसे में आ गए। इसके बाद ठग ने अलग-अलग समय पर क्यूआर कोड और स्कैनर भेजकर बुजुर्ग के खाते से 62 हजार रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। बाद में, बुजुर्ग ने अपने बेटे से बातचीत की, जिसके दौरान उन्हें ठगी का पता चला। पीड़ित ने तुरंत कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस की साइबर डेस्क ने आमजन से अपील की है कि परिचित बनकर आने वाले संदिग्ध फोन या मैसेज की वास्तविक नंबर पर पुष्टि अवश्य करें। अनजान व्यक्तियों के कहने पर किसी भी खाते में राशि ट्रांसफर करने से बचें।
Source link
बुजुर्ग से परिचित डॉक्टर बनकर 62 हजार की ठगी:चूरू के डाबला गांव में साइबर ठगों ने दिया वारदात को अंजाम
