पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 में अकाली दल वारिस पंजाब दे पार्टी CM भगवंत मान और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ सांसद अमृतपाल सिंह को मैदान में उतार सकती है। अमृतपाल सिंह 2 विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ेंगे।
.
यह फैसला शुक्रवार को मोहाली में आयोजित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया। इस बैठक में अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह के अलावा अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि खालिस्तान समर्थक और वारिस पंजाब दे संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह पंजाब की खडूर साहिब लोकसभा सीट से निर्दलीय सांसद हैं। उन्होंने वर्ष 2024 के आम चुनाव में जेल में रहते हुए ही इस सीट पर ऐतिहासिक अंतर से जीत दर्ज की थी। मौजूदा समय में वह असम की डिब्रूगढ़ जेल में है।

पार्टी इंटरनल सर्वे करवा चुकी
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सांसद अमृतपाल सिंह गिद्दड़बाहा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते हैं। पार्टी ने पिछले कुछ दिनों में लंबी निर्वाचन क्षेत्र में सर्वेक्षण भी कराया है। यह तय किया गया है कि सांसद अमृतपाल सिंह उस निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार होंगे जहां से SAD के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल चुनाव लड़ेंगे।
इसी प्रकार, अमृतपाल सिंह उस निर्वाचन क्षेत्र से भी चुनाव लड़ेंगे जहां से मुख्यमंत्री भगवंत मान चुनाव लड़ेंगे। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता भगवंत मान मुख्य रूप से पंजाब के मालवा क्षेत्र में संगरूर और धुरी से चुनाव लड़ते हैं।
संगरूर लोकसभा से 2 बार सांसद बने मान
भगवंत मान संगरूर लोकसभा सीट से वर्ष 2014 और 2019 में AAP के सांसद चुने गए थे। इस बीच वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भगवंत मान ने सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ जलालाबाद सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन वे उस समय सुखबीर बादल से चुनाव हार गए थे।
भगवंत मान वर्तमान में संगरूर जिले की धुरी विधानसभा सीट से विधायक हैं। उन्होंने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में इसी सीट से बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी।
गिद्दड़बाहा से लड़ेंगे सुखबीर बादल
अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पारंपरिक रूप से फाजिल्का की जलालाबाद सीट से विधानसभा चुनाव लड़ते आए हैं। 2009, 2012 और 2017 में वह विधायक बने। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में वे इसी जलालाबाद सीट से AAP के जगदीप कंबोज गोल्डी से चुनाव हार गए थे।
वहीं, सुखबीर बादल संसद के लिए फिरोजपुर लोकसभा सीट से 2019 से 2024 तक सांसद रह चुके हैं। उससे पहले वह फरीदकोट लोकसभा सीट से भी सांसद रहे। हालांकि, आगामी सीट विधानसभा चुनाव के लिए बादल ने घोषणा की है कि वह जलालाबाद के बजाय गिद्दड़बाहा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।
रामपुरा फूल से लड़ने वाले थे अमृतपाल
पार्टी ने पहले रामपुरा फूल विधानसभा क्षेत्र से अमृतपाल सिंह को उम्मीदवार बनाने का फैसला किया था, क्योंकि पिछले लोकसभा चुनावों में फरीदकोट संसदीय क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार सरबजीत सिंह को रामपुरा फूल विधानसभा क्षेत्र से सबसे अधिक वोट मिले थे।
जबकि, शुक्रवार की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अमृतपाल सिंह उस सीट से उम्मीदवार होंगे जहां से मुख्यमंत्री भगवंत मान चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने रामपुरा विधानसभा क्षेत्र से गिल रौंता को उम्मीदवार बनाया है।


