![]()
संगरूर में पुरानी पेंशन सांझा फ्रंट के बैनर तले कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी तोलवाल अनाज मंडी से मुख्यमंत्री भगवंत मान के पैतृक गांव सतोज की ओर मार्च कर रहे थे। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सतोज जाने वाली सड़क पर भारी बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया। प्रदर्शनकारियों में सरकारी कर्मचारियों के साथ छोटे बच्चे भी शामिल थे। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के नेताओं ने सत्ता में आने से पहले उनके धरनों में शामिल होकर पुरानी पेंशन बहाल करने का वादा किया था। उनका कहना है कि सरकार का कार्यकाल पूरा होने वाला है, लेकिन अभी तक उनकी मांग पूरी नहीं हुई। पुलिस ने की प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछारें प्रदर्शनकारियों के अनुसार, पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए पानी की बौछारें कीं। इसके बावजूद कई प्रदर्शनकारी बैरिकेड धकेलकर आगे बढ़ने लगे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि कुछ लोगों को चोटें आईं और कई की पगड़ियां भी उतर गईं। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पानी की बौछार और धक्का-मुक्की में कुछ सरकारी कर्मचारी भी घायल हुए। उन्होंने इसके लिए सरकार और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। बाद में प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और 27 अगस्त को मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ बैठक करवाने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी वापस लौट गए। फ्रंट के नेताओं ने कहा कि यदि बैठक में उनकी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं हुआ तो वे आगे आंदोलन को और तेज करेंगे।
Source link
संगरूर में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर प्रदर्शन:CM मान के गांव सतोज जा रहे कर्मचारियों को पुलिस ने रोका, पानी की बौछारें कीं
