Headlines

सेल्समैन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:रामपुर इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ा, सांप के काटने की आशंका




रामपुर। बिलासपुर में किराए के कमरे में रहने वाले कानपुर निवासी 19 वर्षीय सेल्समैन सतेंद्र की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उसके साथी ने सांप के काटने की आशंका जताई है, हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। जानकारी के अनुसार, कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के सिरसौल खत्रीनखेड़ा निवासी सतेंद्र पुत्र संतोष पिछले लगभग आठ महीने से रामपुर की बिलासपुर तहसील में रह रहा था। वह लीड विजन कंपनी में कोलगेट, क्रीम, पाउडर सहित अन्य उत्पादों के सेल्समैन के रूप में कार्यरत था। 8 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2 बजे सतेंद्र की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसके साथ काम करने वाले अविनाश पुत्र वीरेंद्र प्रताप ने बताया कि जब वे कमरे पर पहुंचे तो सतेंद्र की हालत गंभीर थी। उसके शरीर पर एक निशान भी दिखाई दिया, जिससे उन्हें सांप के काटने की आशंका हुई। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलासपुर ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार सुबह करीब 10 बजे सतेंद्र की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन कानपुर से रामपुर पहुंच गए हैं। मृतक के पिता संतोष ने बताया कि उनका बेटा लगभग आठ महीने से घर नहीं आया था और फोन पर भी उसकी बातचीत कम होती थी। थाना प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण पता चल पाएगा। पंचनामा भरवाया जा रहा है और मृतक के परिजन भी मौके पर मौजूद हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *