हिसार5 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

हिसार के किनाना गांव में जीवन के अंतिम संस्कार के दौरान उसकी बहन भाई-भाई चिल्लाती रही थीं। इनसेट में जीवन (दाएं) और मुख्य आरोपी रमेश अत्री (बाएं)।
हिसार के जीवन कुंडू मर्डर केस का मुख्य आरोपी रमेश अत्री 19 दिन बाद पकड़ा गया है। वह गुजरात में छिपा हुआ था। स्पेशल टास्क फोर्स ने उसे दो साथियों के साथ जूनागढ़ से अरेस्ट किया। रमेश उचाना से BJP विधायक देवेंद्र अत्री का रिश्तेदार है।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर खाप व किसान संगठनों ने 14 दिन जीवन के शव का अंतिम संस्कार नहीं होने दिया था। 15 अगस्त को CM नायब सैनी के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का विरोध करने पर बवाल हुआ था। लाठीचार्ज तक करना पड़ा।
खापों का आरोप था कि विधायक का रिश्तेदार होने की वजह से मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो रही थी। सीएम के आश्वासन के बाद हत्याकांड के 15वें दिन बाद गांव किनाला में कुंडू का अंतिम संस्कार हो सका।
बता दें कि 4 अगस्त को गोबर डालने के विवाद में पड़ोस के 10-12 लोगों ने डेयरी संचालक जीवन को घेरकर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला था।

जीवन कुंडू के हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए परिजनों ने प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया था। जिसके बाद उनकी हांसी पुलिस से भिड़ंत भी हो गई थी।
9 आरोपी पहले गिरफ्तार हो चुके थे, मुख्य आरोपी पर 50 हजार का इनाम
हिसार पुलिस अब तक मामले में भानु कुमार, गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित और साहिल समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। मुख्य आरोपी रमेश शर्मा अत्री फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
अब सीआईए मिल गेट और एसटीएम थाना और हिसार एसटीएफ इंचार्ज से जूनागढ़ को संयुक्त टीम ने आरोपियों को पकड़ा है।

मुख्य आरोपी रमेश कुमार पर 50 हजार का इनाम था
15 अगस्त को हांसी में बिगड़े थे हालात
हत्याकांड को लेकर 15 अगस्त को हांसी के नेहरू कॉलेज में मुख्यमंत्री के जिला स्तरीय ध्वजारोहण कार्यक्रम से पहले सिसाये पुल नाके पर भारी हंगामा हुआ था। सुबह 6:40 बजे करीब 150 से 200 लोगों की भीड़ ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ समारोह स्थल की ओर बढ़ी।
अधिकारियों के समझाने के बावजूद भीड़ उग्र हो गई और पुलिसकर्मियों पर बैरिकेड्स तोड़कर ट्रैक्टर चढ़ाने व पथराव की कोशिश की गई।
स्थिति बिगड़ती देख ड्यूटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ना पड़ा था। इस झड़प में हांसी SP विनोद कुमार समेत कई जवान घायल हो गए थे। पुलिस ने इन पर कई धाराओं के केस दर्ज कर लिया।
BJP विधायक ने कहा था-बेटा भी होता तो बचाता नहीं
उधर, मुख्य आरोपी रमेश अत्री के रिश्तेदार होने पर मदद करने के आरोपों पर जींद के उचाना कलां से बीजेपी विधायक अत्री ने साफ कहा था कि यह बेहद संवेदनशील और दुखद मामला है। इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
हत्या जैसे घिनौने अपराध में अगर उनका अपना सगा भाई या बेटा भी आरोपी होता, तो वह उसका साथ नहीं देते। उन्होंने कहा था कि इस मुश्किल और दुख की घड़ी में वह पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।
3 पॉइंट में जानिए पूरा मामला…
1. पड़ोसियों ने बेहोश होने तक पीटा
4 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 5 बजे सूर्यनगर में डेयरी संचालक जीवन पर पड़ोसी रमेश और उसके साथियों ने हमला कर दिया। जीवन बाइक पर ट्रॉली लगाकर गोबर डालने जा रहा था। इसी दौरान 10-12 युवकों ने उसे घेरकर लाठी-डंडों से पीटा। आरोपी उसे तब तक पीटते रहे, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान जीवन की मौत हो गई।
2. वीडियो में दिख रहे थे चोट के निशान
जीवन का मौत से पहले का 1 मिनट 12 सेकेंड का वीडियो सामने आया। इसमें उसके दोनों पैरों पर चोट के निशान दिख रहे थे। जीवन ने वीडियो में पड़ोसी रमेश समेत 15-20 युवकों पर मारपीट का आरोप लगाया। उसने मोल्हड़ नाम के युवक का भी जिक्र किया और कहा कि आरोपियों ने उसकी टांग तोड़ दी।
3. गोबर डालने को लेकर हुआ था विवाद
सूर्यनगर की गली नंबर-5 में जीवन की डेयरी थी। करीब डेढ़ महीने पहले गोबर डालने को लेकर उसका पड़ोसी रमेश से विवाद हुआ था। कुछ दिन पहले डेयरी में खोर बनवाने को लेकर भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। आरोप है कि रमेश पक्ष ने जीवन की पत्नी रमन पर बरछी से हमला किया था। इस मामले में पुलिस ने रमेश के खिलाफ केस दर्ज किया था।

————————–
यह भी पढ़ें- जीवन हत्याकांड में उछला BJP विधायक का नाम:धरना कमेटी बोली- हत्यारोपी देवेंद्र अत्री का रिश्तेदार; हांसी पुलिस ने 2 अरेस्ट किए

हिसार के बहुचर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें भाटला निवासी गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित और सिंघवा राघो निवासी साहिल हैं। इस मामले में अब तक 6 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। बुधवार को हुई खाप पंचायतों और किसान यूनियनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को 13 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया था। पूरी खबर पढ़ें…

