![]()
रोहतक जिले के सांपला में सफाई कर्मचारियों की लंबे समय से चल रही हड़ताल के बीच नगर पालिका प्रशासन ने विशेष टीमों के माध्यम से कूड़ा उठान और सफाई अभियान शुरू कर दिया है। इस दौरान हड़ताली सफाई कर्मचारियों और प्रशासन के बीच टकराव हुआ, जिसके बाद पुलिस ने एक टीम सुपरवाइजर को हिरासत में ले लिया। यह अभियान ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं सांपला तहसीलदार गुलाब सिंह की देखरेख में शुरू किया गया। नगर पालिका प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में शहर के विभिन्न कूड़ा पॉइंट से कूड़ा उठाने का काम शुरू हुआ। सफाई कर्मचारी और पुलिस आमने-सामने आए कूड़ा उठाने पहुंची टीम के साथ हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों की कथित तौर पर बहस और कहासुनी हो गई। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इस दौरान सफाई कर्मचारी और पुलिस आमने-सामने आ गए। पुलिस ने सफाई टीम के सुपरवाइजर अमित को हिरासत में ले लिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और “मुख्यमंत्री मुर्दाबाद” के नारे लगाए। कूड़ा उठान के लिए दो विशेष टीमों का गठन ड्यूटी मजिस्ट्रेट गुलाब सिंह ने बताया कि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो और शहर में गंदगी न फैले, इसी उद्देश्य से नगर पालिका द्वारा कूड़ा उठान का कार्य शुरू करवाया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि सफाई एवं कूड़ा उठान के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है और पर्याप्त सफाई वाहन तथा अन्य संसाधन लगाए गए हैं। अलग-अलग कूड़ा पॉइंट को साफ किया जाएगा गुलाब सिंह ने आगे कहा कि शहर के अलग-अलग कूड़ा पॉइंट को प्राथमिकता के आधार पर साफ करवाया जाएगा, ताकि सफाई व्यवस्था जल्द सुचारु हो सके और जनहित में संक्रमण एवं महामारी की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों से भी अपील की कि सरकार उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर रही है। नगर पालिका सचिव ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपना कूड़ा केवल नगर पालिका के कूड़ा उठाने वाले वाहनों में ही डालें और सड़कों, गलियों तथा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें।
Source link
सांपला में कूड़ा उठान शुरू, सुपरवाइजर हिरासत में:दो विशेष टीमों ने संभाला मोर्चा, हड़ताली कर्मचारियों से हुआ टकराव
