![]()
सिरसा जिले के डबवाली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने फर्जी ट्रैक्टर लोन धोखाधड़ी मामले में 8 महीने से फरार चल रहे छठे आरोपी विरेन्द्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया। रिमांड के दौरान पूछताछ के आधार पर आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। आरोपी को दोबारा कोर्ट में पेश कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी के साथ मामले में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और पूछताछ के आधार पर 9 ट्रैक्टर और कुल 3.10 लाख रुपए की नकदी बरामद की है। फर्जी दस्तावेज पर लिया लोन पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मामला 1 जनवरी 2026 को थाना शहर डबवाली में दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने आपसी मिलीभगत और आपराधिक साजिश के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार कर ट्रैक्टरों के लिए लोन स्वीकृत करवाए। आवेदन पत्र, आधार कार्ड, वोटर कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों का सत्यापन आरोपी सूर्य प्रकाश द्वारा किया गया था। जिनके नाम लोन, उनके पास ट्रैक्टर नहीं लोन की राशि जारी होने के बाद ट्रैक्टरों को वास्तविक लाभार्थियों के पास रखने के बजाय अन्य आरोपियों के साथ मिलकर आगे बेच दिया गया। इससे संबंधित कंपनी को लाखों रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि जिन लोगों के नाम पर ट्रैक्टर लोन स्वीकृत किए गए थे, उनके पास वर्तमान में कोई ट्रैक्टर मौजूद नहीं था। कई लोग दिए गए पते पर भी नहीं मिले। पुलिस के अनुसार, इन तथ्यों से फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से कंपनी को गुमराह कर धोखाधड़ी किए जाने की पुष्टि हुई। अब तक 9 ट्रैक्टर और 3.10 लाख रुपए बरामद आर्थिक अपराध शाखा ने मामले में क्रमबद्ध कार्रवाई करते हुए 16 फरवरी को सूर्य प्रकाश, 8 जून को सुभाष और 18 जून को अनिल को गिरफ्तार किया। इसके बाद 22 जून को दिनेश और 19 जुलाई को कुलदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने 9 ट्रैक्टर और 3.10 लाख रुपए बरामद किए है। फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस टीम ने विरेन्द्र को गिरफ्तार किया। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आर्थिक अपराध और धोखाधड़ी में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी तथा जांच में सामने आने वाले सभी तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
डबवाली में फर्जी ट्रैक्टर लोन घोटाले का छठा आरोपी काबू:8 महीने से फरार था; अब तक 9 ट्रैक्टर, 3.10 लाख रुपए बरामद
