![]()
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह गुरुवार को अल्प प्रवास पर ललितपुर पहुंचे। भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, गांव-गांव प्रवास कर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने तथा आगामी चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। सुबह करीब 10:30 बजे बिघा टोल के पास भाजपा कार्यकर्ताओं ने धर्मपाल सिंह का स्वागत किया। इसके बाद वह सीधे पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक की। धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ को और अधिक मजबूत बनाने, गांवों में नियमित प्रवास करने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत करें तथा आगामी चुनावों की तैयारियों में अभी से सक्रिय हो जाएं। बैठक के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे धर्मपाल सिंह जालौन के लिए रवाना हो गए। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र रावत, प्रदेश मंत्री अनिल यादव, जिला प्रभारी एवं सांसद अनुराग शर्मा, राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन, नगर पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन सहित मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री गौरव गौतम ने किया।
Source link
ललितपुर पहुंचे भाजपा प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह:कार्यकर्ताओं से बूथ मजबूत करने और गांव-गांव सरकार की योजनाओं को पहुंचाने की अपील की
