Headlines

इटली में मोगा के युवक की सड़क हादसे में मौत:26 साल से इटली में काम कर रहे थे, बाजार से किताबें खरीदकर लौटते समय हुआ हादसा




मोगा जिले के निहाल सिंह वाला कस्बे के अंतर्गत आते गांव नंगल में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब खबर मिली कि पिछले 26 वर्षों से इटली में रह रहे 44 वर्षीय प्रवासी भारतीय रणवीर सिंह की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई है। इस अचानक आई आपदा से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, रणवीर सिंह इटली के कास्टीजोना शहर में एक जुराब बनाने वाली फैक्ट्री में काम करते थे। 21 अगस्त की रात वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बाजार से बच्चों की पढ़ाई के लिए किताबें खरीदने गए थे। खरीदारी पूरी करने के बाद जब रणवीर सिंह अपनी कार के पास पहुंचे और उसका दरवाजा खोलने लगे, तभी सामने से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि रणवीर सिंह हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरे। उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बेटी कर रही है पायलट का कोर्स रणवीर सिंह अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें दो बेटियां (19 वर्ष और 12 वर्ष) तथा एक 8 वर्ष का बेटा शामिल है। सभी बच्चे इटली में ही शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और उनकी बड़ी बेटी वहां पायलट बनने का कोर्स कर रही है। रणवीर सिंह के बुजुर्ग माता-पिता और दादा गांव नंगल में रहते हैं। परिजनों ने रुआंसे मन से बताया कि वे अभी करीब एक महीना पहले ही इटली से भारत लौटे थे और हादसे से महज एक दिन पहले 20 अगस्त को ही उनकी रणवीर से फोन पर हंसती-खेलती बात हुई थी। पीड़ित परिवार ने सरकार से मांगी मदद इस संकट की घड़ी में मृतक के पिता जगजीत सिंह, माता जगीर कौर और फूफा प्रगट सिंह ने भारत सरकार, पंजाब सरकार और विदेश मंत्रालय से भावुक अपील की है। परिवार की मांगें हैं कि रणवीर सिंह के शव को जल्द से जल्द कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करवाकर भारत (उनके पैतृक गांव) लाया जाए, ताकि उनका अंतिम संस्कार किया जा सके। इटली में अकेले रह गए बच्चों और पत्नी की देखभाल के लिए भारत में रह रहे परिजनों को तुरंत इटली का वीजा दिलाने में सरकारी मदद दी जाए। ग्रामीणों और स्थानीय नेताओं ने भी प्रशासन से मांग की है कि इस पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद की जाए ताकि इस बेहद मुश्किल समय में उन्हें कुछ ढांढस बंध सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *