![]()
शाहपुर थाना क्षेत्र के अतरैला, महौता और सेमरिहा गांवों में सोमवार को एक पागल कुत्ते ने 16 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सुबह से शाम करीब 4 बजे तक कुत्ते ने रास्ते में आने वाले बच्चों और बुजुर्गों सहित कई लोगों को निशाना बनाया। सभी घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। हमले के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया। ये बने कुत्ते का शिकार अतरैला निवासी 66 वर्षीय रामपति सिंह और महौता निवासी 8 वर्षीय लक्ष्मी विश्वकर्मा को सोमवार सुबह करीब 10 बजे सिविल अस्पताल मऊगंज ले जाया गया। सेमरिहा निवासी 7 वर्षीय अंशिका तिवारी और 65 वर्षीय कमला देवी त्रिपाठी सहित अन्य घायलों का भी इलाज जारी है। अतरैला निवासी रामपति सिंह ने बताया कि कुत्ता जिस रास्ते से गुजर रहा था, उसने सामने आने वाले हर व्यक्ति पर अचानक हमला किया। लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। इस घटना के बाद ग्रामीण घरों से बाहर निकलने में भी सतर्कता बरत रहे हैं। एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से पागल कुत्ते को पकड़ने के लिए तत्काल टीम भेजने और प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हमलों को रोका जा सके।
Source link
मऊगंज; एक दिन में 16 लोगों को काटा:शाहपुर के अतरैला, महौता-सेमरिहा में पागल कुत्ते का हमला
