![]()
करनाल में डायल-112 की ईआरवी 435 और बाइक की टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद युवक के परिजन और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। परिजनों ने ईआरवी इंचार्ज पर रोंग साइड में गाड़ी चलाने और नशे में होने का आरोप लगाया। साथ ही हेडलाइट बंद होने और सीसीटीवी फुटेज डिलीट करवाने का प्रयास करने का आरोप भी लगाया। पुलिसकर्मियों ने आरोपों से इनकार किया है। घायल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है। विंडशील्ड पर जा गिरा बाइक सवार
घायल युवक की पहचान मुकेश कुमार निवासी चुंडीपुर गांव के रूप में हुई है। वह सोमवार देर रात करनाल में मेरठ रोड से अपने घर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुकेश स्पलेंडर बाइक पर सवार था और घर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सामने से डायल-112 की ईआरवी 435 रोंग साइड से आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों व परिजनों का आरोप है कि ईआरवी की हेडलाइट भी बंद थी। इसी दौरान बाइक और ईआरवी की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मुकेश बाइक से उछलकर ईआरवी की विंडशील्ड पर जा गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक और ईआरवी को भी काफी नुकसान पहुंचा। आसपास के लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। हादसे के बाद ईआरवी को साइड में खड़ा कर दिया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने हादसे के बाद अपना बचाव करने का प्रयास किया। उनका यह भी आरोप है कि मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज डिलीट करवाने का प्रयास किया जा रहा है। चालक बोला- बाइक चालक ने खुद मारी टक्कर
ईआरवी चालक पवन कुमार ने आरोपों को गलत बताया। उसका कहना है कि वे गाड़ी को मोड़कर दूसरी तरफ जा रहे थे और दूसरी तरफ बाइक खड़ी थी। जैसे ही उन्होंने गाड़ी मोड़कर खड़ी की, बाइक चालक तेज गति से आया। पवन कुमार के अनुसार बाइक चालक कभी इधर तो कभी उधर जा रहा था और कट मार रहा था। उन्होंने दावा किया कि पुलिस की गाड़ी एक तरफ खड़ी थी और बाइक चालक ने गाड़ी देखते हुए भी सीधी टक्कर मार दी। पवन कुमार ने यह भी कहा कि ईआरवी रोंग साइड में जरूर थी, लेकिन उस समय गाड़ी खड़ी हुई थी। टक्कर के बाद बाइक सवार उछलकर विंडशील्ड पर गिर गया। नशे के आरोप पर इंचार्ज ने दी खुली चुनौती
हादसे के बाद ईआरवी इंचार्ज एएसआई सुखबीर सिंह और घायल युवक के परिजनों के बीच तनातनी भी हुई। परिजनों ने सुखबीर सिंह पर नशे में होने का आरोप लगाया। इस पर सुखबीर सिंह ने कहा कि उन्हें पुलिस की नौकरी करते हुए 25 साल हो चुके हैं और उन्होंने कभी ड्रिंक नहीं की। सुखबीर सिंह ने दावा किया कि यदि कोई यह साबित कर दे कि उन्होंने ड्रिंक की हुई थी तो वह आज ही नौकरी छोड़ देंगे। फिलहाल हादसे में घायल मुकेश कुमार का अस्पताल में इलाज चल रहा है। रोंग साइड, नशे और सीसीटीवी फुटेज से जुड़े आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
Source link
करनाल में डायल-112 की ईआरवी और बाइक की भिड़ंत:हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल, परिजनों का आरोप- रोंग साइड से आ रही थी पुलिस की गाड़ी, हेडलाइट भी थी बंद
