Headlines

सोनीपत में बारिश, पानीपत में अलर्ट:गुरुग्राम में आज वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी, स्कूल-कॉलेजों में ऑनलाइन क्लास के आदेश




हरियाणा के सोनीपत में मंगलवार सुबह दो घंटे तेज बारिश हुई। सांदल खुर्द गांव में डेढ़ से दो फीट तक जलभराव हो गया। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ से सुबह 9 बजे तक सोनीपत और पानीपत के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। एक दिन पहले राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। गुरुग्राम में सोमवार को हुई तेज बारिश के चलते प्रशासन ने आज कंपनियों में वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी की। साथ ही स्कूल-कॉलेजों में ऑनलाइन क्लास लगाने के आदेश दिए हैं। प्रदेश में मानसून सीजन में 440 मिमी बारिश सामान्य मानी जाती है। अब तक 270 मिमी यानी 61% बारिश हो चुकी है। अब सीजन में 39% बारिश और होनी बाकी है, लेकिन एक महीने में इतना कोटा पूरा होने की संभावना कम है। हालांकि, सामान्य से 19% तक कम बारिश भी सामान्य मानी जाती है। गुरुग्राम में 9 घंटे की बारिश, कारें तैरती दिखीं गुरुग्राम में सोमवार को सुबह 11 बजे से लेकर रात 8 बजे तक बारिश चली। यहां राजीव चौक, सुभाष चौक, जेल चौक, इफ्को चौक, हीरो होंडा चौक, NH 48, शंकर चौक, खेड़कीदौला टोल और सोहना रोड पर 3 से 4 फीट पानी भर गया। कुछ जगह कारें तैरती नजर आईं। राजीव चौक पर 9 घंटे जाम की स्थिति रही। इसमें स्कूल बसें और एंबुलेंस फंसी रहीं। डेडबॉडी लेकर जा रहा मध्यप्रदेश का परिवार भी फंसा रहा। मानसून में 10 जिलों में सामान्य से कम बारिश 1 जून से 24 अगस्त तक मानसून सीजन में 10 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। सबसे ज्यादा कमी जींद में 54%, कैथल में 46%, अंबाला और सिरसा में 48-48% तथा पंचकूला में 42% रही। जींद में सिर्फ 133.9 मिमी और सिरसा में 86 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं रोहतक में 38%, करनाल में 37%, सोनीपत में 28% और कुरुक्षेत्र में 13% कम बारिश हुई। दूसरी ओर, 19 जिलों में बारिश सामान्य श्रेणी में रही। इनमें फतेहाबाद में 206.2 मिमी, हिसार में 196.4 मिमी, भिवानी में 260.2 मिमी, चरखी दादरी में 325.2 मिमी, झज्जर में 283.1 मिमी, गुरुग्राम में 363.7 मिमी, फरीदाबाद में 380.7 मिमी, पलवल में 340.7 मिमी और नूंह में 362 मिमी बारिश हुई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *