![]()
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा व जस्टिस रवींद्र कुमार अग्रवाल ने बिलासपुर के चकरभाटा स्थित बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के टेकओवर की प्रक्रिया में हो रही देरी पर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) पर कड़ी नाराजगी जताई है। एयरपोर्ट के संचालक प्रबंधन और विकास को लेकर राज्य शासन ने AAI को पत्र लिखा है, जिस पर डिवीजन बेंच ने कहा कि पत्रों के आधार पर अब तक उठाए गए सकारात्मक और ठोस कदमों की जानकारी शपथ पत्र के साथ प्रस्तुत किया जाए। साथ ही अगली सुनवाई 29 सितंबर से पहले स्टेटस रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। बिलासा देवी एयरपोर्ट को अपग्रेड करने समेत अन्य मांगों को लेकर वर्ष 2017 में जनहित याचिकाएं लगाई गई थीं। तब से मामले की लगातार सुनवाई चल रही है। सोमवार को सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से पैरवी कर रहे सीनियर एडवोकेट आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि बिलासपुर एयरपोर्ट के चालू होने के बावजूद विभिन्न शहरों के लिए संचालित होने वाली उड़ानों की संख्या और उनकी फ्रीक्वेंसी में बिना किसी स्पष्ट और उचित कारण के भारी कटौती कर दी गई है। इस कटौती के कारण बिलासपुर क्षेत्र के यात्रियों और आम नागरिकों को भारी असुविधा व परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टेकओवर करने पर एएआई की सुस्ती पर जताई नाराजगी
राज्य सरकार ने बिलासपुर एयरपोर्ट के पूर्ण संचालन, प्रबंधन और विकास के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को टेकओवर करने का अनुरोध किया था। इसके लिए मुख्यमंत्री कार्यालय और एविएशन विभाग द्वारा 12 दिसंबर 2025, 11 फरवरी 2026 और 14 जुलाई 2026 को पत्र भेजे गए थे। एएआई की ओर से 21 अगस्त 2026 को दिए शपथ पत्र में बताया गया कि मामले का ड्राफ्ट एमओयू 10 अगस्त 2026 को प्लानिंग डायरेक्टरेट को भेज दिया गया है और मामला मुख्यालय में विचाराधीन है। लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी कोई ठोस प्रगति न होने पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई है। यात्री सुविधा भवन का निर्माण 60% पूरा, 20 अक्टूबर डेडलाइन
राज्य सरकार के विमानन संचालनालय ने बताया कि टर्मिनल बिल्डिंग के बाहर बनाए जा रहे पब्लिक यूटिलिटी भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। भवन का भौतिक कार्य लगभग 60% पूरा हो चुका है, जिसमें स्ट्रक्चरल काम, दीवारें और प्लास्टर का काम पूरा हो चुका है। छत का काम चल रहा है। हाईकोर्ट द्वारा तय की गई 3 महीने की समय-सीमा के भीतर 20 अक्टूबर 2026 तक इसे पूरी तरह से पूरा कर लिया जाएगा। एप्रन का सिविल वर्क पूरा, इलेक्ट्रिकल कार्य 90 फीसदी हो चुका
इसके अलावा बताया गया कि एयरपोर्ट के एप्रन का सिविल कार्य पूरा हो चुका है और 90% इलेक्ट्रिकल कार्य भी हो चुका है। एयरपोर्ट की बाउंड्री वॉल और पेरीमीटर रोड के डामरीकरण के लिए वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं। मुख्य सुरक्षा अधिकारी और सहायक कार्यकारी ने कार्यभार संभाल लिया है। वहीं चीफ एयरोड्रम सिक्योरिटी ऑफिसर की देखरेख में करीब 85 पुलिसकर्मी एयरपोर्ट के सभी प्रमुख पॉइंट्स पर तैनात हैं। वर्तमान में एलायंस एयर द्वारा दिल्ली, कोलकाता, प्रयागराज और अंबिकापुर के लिए नियमित उड़ानें संचालित की जा रही हैं।
Source link
