![]()
गिरिडीह में ईद-ए-मिलाद-उन्नबी पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। मंगलवार को शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस-प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। इस मार्च के जरिए पुलिस ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की। फ्लैग मार्च की शुरुआत शहर के बड़ा चौक से हुई। यह मुस्लिम बाजार, मौलाना आजाद चौक, कालीबाड़ी चौक, टावर चौक, अंबेडकर चौक और भंडारीडीह से होते हुए पंचंबा में समाप्त हुआ। इस दौरान प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की विशेष उपस्थिति दर्ज की गई। फ्लैग मार्च से पहले पुलिस लाइन में दंगाई तत्वों से निपटने के लिए मॉकड्रिल भी किया गया। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी ड्रोन कैमरों से भी की गई। ड्रोन के माध्यम से प्रत्येक थाना क्षेत्र के मार्गों के आसपास स्थित घरों की छतों और अन्य संवेदनशील स्थानों की जांच की गई। पुलिस संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रख रही है ताकि पर्व के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो। फ्लैग मार्च में डीसी रामनिवास यादव, एसपी डॉ. बिमल कुमार, एसडीएम धीरेंद्र प्रसाद, एसडीपीओ जितवाहन उरांव, डीएसपी नीरज सिंह, डीएसपी आर.के. राणा, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, पंचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित कई वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। इनके अतिरिक्त, आईआरबी के जवान, जिला पुलिस बल और महिला पुलिस बल के जवान भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि ईद-ए-मिलाद-उन्नबी के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। पर्व के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के साथ-साथ ड्रोन कैमरों से भी लगातार नजर रखी जाएगी।
Source link
गिरिडीह में ईद-ए-मिलाद-उन्नबी पर पुलिस का फ्लैग मार्च:ड्रोन से निगरानी, एसपी ने शांतिपूर्ण पर्व मनाने की अपील की
