![]()
हरियाणा सरकार ने अग्निवीर का पहला बैच रिटायर होने से पहले ही भर्ती की तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिसके लिए सरकार ने पूर्व सैनिकों के लिए सीधी भर्ती कोटे में आरक्षित पदों की उपलब्धता का ब्योरा जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सरकार ने हरियाणा के मूल निवासी पूर्व सैनिकों को क्षैतिज आरक्षण का लाभ देने का निर्णय लिया था। अब विभिन्न विभागों, बोर्डों और निगमों में सीधी भर्ती कोटे के तहत पूर्व सैनिकों के लिए उपलब्ध आरक्षित रिक्तियों की स्थिति स्पष्ट की जाएगी। सामान्य प्रशासन विभाग के मानव संसाधन-2 शाखा ने सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों तथा बोर्ड-निगमों के प्रबंध निदेशकों/मुख्य प्रशासकों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। HPSC और HSSC के जरिए होगी भर्ती सरकार की ओर से कहा गया है कि जिन पदों पर पूर्व सैनिकों की भर्ती हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के माध्यम से की जानी है, उन पदों की उपलब्धता का ब्योरा जुटाया जाए। विभागों को देना होगा पूरा विवरण सभी विभागों और बोर्ड-निगमों से पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित पदों की जानकारी निर्धारित प्रोफार्मा में मांगी गई है। इसमें पद का नाम, आरक्षण प्रतिशत, पूर्व सैनिकों के लिए संभावित रिक्तियों की संख्या और श्रेणीवार रिक्तियों का विवरण शामिल होगा। श्रेणीवार जानकारी में UR, OSC, DSC, BC-A, BC-B और EWS के तहत पूर्व सैनिकों के लिए चिह्नित रिक्तियां बतानी होंगी। इसके अलावा पूर्व सैनिकों की भर्ती माहवार कब की जानी प्रस्तावित है, इसकी जानकारी भी देनी होगी। 26 अगस्त को दोपहर 3 बजे तक भेजनी होगी सूचना सरकार ने सभी संबंधित विभागों को जानकारी 26 अगस्त 2026 को दोपहर 3 बजे तक विशेष संदेशवाहक अथवा ई-मेल के माध्यम से भेजने के निर्देश दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जानकारी निर्धारित समय सीमा में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। यह आदेश सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद जारी किया गया है।
Source link
अग्निवीर रिटायर बैच से पहले स्पेशल भर्ती की तैयारी:पूर्व सैनिकों के आरक्षित पदों का ब्यौरा मांगा, दोपहर 3 बजे तक देनी होगी जानकारी
