Headlines

सितंबर माह में 1,505 आरोपित गिरफ्तार:मधुबनी पुलिस ने 5.5 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त किया, 150% केस निष्पादन हुआ




मधुबनी जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने सितंबर माह में व्यापक अभियान चलाकर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। शनिवार को संध्या पांच बजे समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण एसपी शिवम धाकड़ सहित जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक के बाद संध्या साढ़े छह बजे पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि सितंबर माह में विभिन्न मामलों में कुल 1,505 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 998 नए कांड दर्ज किए गए, जबकि पुलिस ने 1,489 कांडों का निष्पादन किया। यह दर्ज कांडों की तुलना में 150 प्रतिशत निष्पादन है। बेहतर अनुसंधान एवं कांडों के निष्पादन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 40 अनुसंधानकर्ताओं में से शीर्ष 15 को पुरस्कृत किया गया। एसएसपी ने बताया कि अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए गए अभियान के तहत आर्म्स एक्ट में 20 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान आठ देशी कट्टा एवं पिस्तौल तथा दो कारतूस बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त आर्म्स एक्ट के तहत 17 प्राथमिकी दर्ज की गईं। पुलिस अवैध हथियार रखने और उनका आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। वहीं, मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए चलाए गए अभियान में एनडीपीएस एक्ट के तहत 60 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इस दौरान 867 किलोग्राम गांजा और 667 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की। बरामद मादक पदार्थों का अनुमानित मूल्य 5.5 करोड़ रुपये बताया गया है। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 42 प्राथमिकी दर्ज की गईं। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने, लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन करने तथा अवैध हथियारों एवं मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण के लिए सक्रियता एवं तत्परता बनाए रखने पर जोर दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *