![]()
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार को लेकर कथित बयान पर हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र यादव का जवाब अब चर्चा का विषय बन गया है। झज्जर में कांग्रेस की बैठक के दौरान दैनिक भास्कर डिजिटल ने राव नरेंद्र से इस पूरे विवाद को लेकर सीधा सवाल किया। राव नरेंद्र ने पहले कहा कि दीपेंद्र हुड्डा ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया। इसके बाद उन्होंने कहा- अगर ऐसा कहा भी है तो हम माफी मांगते हैं, हमारी भावना गलत नहीं थी। राव नरेंद्र के इस जवाब ने पूरे मामले को और उलझा दिया। एक तरफ प्रदेशाध्यक्ष कथित बयान से इनकार करते नजर आए, वहीं दूसरी तरफ उन्होंने यह भी कह दिया कि अगर ऐसा कहा गया है तो कांग्रेस माफी मांगती है। हालांकि, वे यह स्पष्ट नहीं कर पाए कि दीपेंद्र हुड्डा ने सज्जन कुमार को लेकर वास्तव में वह टिप्पणी की थी या नहीं। क्यों विवादों में है सज्जन कुमार का नाम? दरअसल, सज्जन कुमार कांग्रेस के पूर्व सांसद और दिल्ली के प्रमुख नेताओं में रहे हैं। उनका नाम 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामलों में सामने आया था। दिल्ली हाईकोर्ट ने दिसंबर 2018 में एक मामले में उन्हें दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। बाद में 1984 दंगों से जुड़े एक अन्य मामले में फरवरी 2025 में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने भी उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी। सज्जन कुमार अगस्त 2026 तक तिहाड़ जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे थे। 20 अगस्त 2026 को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया। दीपेंद्र हुड्डा के कथित बयान से शुरू हुआ विवाद सज्जन कुमार को लेकर दीपेंद्र हुड्डा की कथित टिप्पणी के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हुआ। रिपोर्टों के मुताबिक, हुड्डा द्वारा सज्जन कुमार के राजनीतिक योगदान और दिल्ली के विकास का जिक्र किए जाने पर सवाल उठे और विरोध शुरू हुआ। अकाली दल तथा 1984 दंगा पीड़ितों की ओर से भी कांग्रेस से माफी की मांग की गई। इसके बाद कांग्रेस के भीतर भी इस बयान को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आईं। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने भी दीपेंद्र हुड्डा की टिप्पणी पर आपत्ति जताई। वहीं कांग्रेस के कुछ नेताओं ने इसे दीपेंद्र हुड्डा की निजी राय बताया। वहीं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखकर दीपेंद्र हुड्डा को CWC पद से हटाने की मांग की है। राव नरेंद्र के जवाब ने बढ़ाए सवाल इसी विवाद को लेकर जब हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र से सवाल किया तो उनका जवाब दो हिस्सों में सामने आया। पहले उन्होंने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा ने ऐसा नहीं कहा, लेकिन इसके बाद कहा कि अगर कहा भी है तो हम माफी मांगते हैं। राव नरेंद्र ने यह भी कहा कि कांग्रेस की भावना गलत नहीं थी और किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का पार्टी का उद्देश्य नहीं था। अब सवाल यह है कि यदि दीपेंद्र हुड्डा ने ऐसा बयान दिया ही नहीं, तो फिर प्रदेशाध्यक्ष ने कहा भी है तो माफी मांगते हैं क्यों कहा? और यदि बयान दिया गया था तो पहले उससे इनकार क्यों किया गया? राव नरेंद्र के इस दोहरे जवाब के बाद विवाद अब सिर्फ दीपेंद्र हुड्डा के कथित बयान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की प्रतिक्रिया भी राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गई है।
Source link
झज्जर दीपेंद्र के बयान पर राव नरेंद्र की दोहरी प्रतिक्रिया:पहले बोले- दीपेंद्र ने ऐसा नहीं कहा, फिर बोले- कहा भी है तो माफी मांगते हैं
