राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के स्पेशल मॉनिटर बालकृष्ण गोयल ने अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान मैहर की आंगनवाड़ी और सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया।
.
इस दौरान आंगनवाड़ी की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया, जबकि अस्पताल में फैली गंदगी, डॉक्टरों के एप्रन न पहनने और शिकायत पेटी में गुटखे का पाउच मिलने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

आंगनवाड़ी में बच्चों के साथ किया भोजन, पोषाहार का वजन कम मिला
स्पेशल मॉनिटर गोयल ने आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 3-2 का जायजा लेकर बच्चों के साथ भोजन किया और पोषण आहार की गुणवत्ता परखी। बच्चों को मिलने वाले अनाज के पैकेट का वजन तय मानक से कम मिलने पर उन्होंने डीपीओ राजेंद्र बागड़े को कमियां जल्द दूर करने के निर्देश दिए।

अस्पताल में गंदगी पर भड़के, डॉक्टरों को लगाई फटकार
सिविल अस्पताल के वार्डों और पोस्टमार्टम रूम के सामने गंदगी देखकर स्पेशल मॉनिटर ने अस्पताल प्रभारी डॉ. आर.एन. पांडे को फटकार लगाई। शिकायत पेटी खोलने पर उसमें शिकायत पत्र के बजाय गुटखे का खाली पाउच मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान सही बर्ताव न करने पर उन्होंने डॉ. सुदीप अवधिया को भी सख्त चेतावनी दी।

संक्रमण रोकने और एप्रन पहनने के निर्देश
मरीजों को संक्रमण से बचाने के लिए उन्होंने वार्डों में प्रति मरीज केवल एक तीमारदार को रुकने देने और जच्चा-बच्चा वार्ड को संक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए। डॉक्टरों के एप्रन व आई-कार्ड न पहनने पर आपत्ति जताने पर अस्पताल प्रबंधन ने जल्द लिखित आदेश जारी करने का आश्वासन दिया।
